उन्नाव। सरकारी योजनाओं की हुई शिकायतों के अभिलेख न दे पाने वाले पांच खंड विकास अधिकारियों को नोटिस जारी कर सीडीओ ने जवाब मांगा है। साथ ही तीन दिन में अभिलेख भी देने के आदेश दिए हैं। वहीं दो पंचायत सचिवों पर रिपोर्ट दर्ज कराने का आदेश दिया है।
हसनगंज ब्लाक के मौलाबांकीपुर, असोहा के बैगांव, तूरी, हिलौली के देवमई, गंजमुरादाबाद के हसनापुर में कराए गए कुछ निर्माण कार्यों में अनियमितता बरते जाने की शिकायत ग्र्रामीणों ने सीडीओ से की थी। इस पर सीडीओ ने कार्यों की सूची, मस्टररोल, कार्ययोजना, इस्टीमेट, बाउचर, एमबी व कैशबुक की प्रमाणित कापी उपलब्ध कराने के आदेश संबंधित बीडीओ व एडीओ पंचायत को दिए थे। लेकिन बीडीओ व एडीओ पंचायत ने सीडीओ के आदेश की अनदेखी की और निर्धारित समयावधि में मांगे गए अभिलेख उपलब्ध नहीं कराए। इसकी जानकारी जब सीडीओ प्रेमरंजन सिंह को हुई तो उन्होंने नाराजगी जताते हुए सभी खंड विकास अधिकारी व एडीओ से स्पष्टीकरण तलब किया। साथ ही तीन दिन में जरूरी कागजात उपलब्ध कराने का अल्टीमेटम दिया। कहा कि यदि अब तीन दिन में कागज नहीं मिले तो कार्रवाई के लिए तैयार रहें। वहीं शौचालयों में अनियमितता मिलने पर ब्लाक सफ ीपुर की ग्राम पंचायत अटवा के सचिव व प्रधान पर रिपोर्ट दर्ज कराने के आदेश सीडीओ ने दिए हैं। नवाबगंज की आशाखेड़ा ग्राम पंचायत का चार्ज न लेने वाले सचिव के विरुद्ध भी रिपोर्ट दर्ज कराने को कहा गया है।