जिले के नोडल अफसर व सचिव राजस्व परिषद धीरज साहू ने मातहतों के साथ बैठक कर विकास कार्यों की प्रगति देखी। नवाबगंज विकासखंड में ट्रांसफर होने के बाद भी चार्ज न देने पर नोडल अफसर ने ब्लाक के उर्दू अनुवादक को निलंबित करने के आदेश दिए। राज्य पोषण मिशन के अंतर्गत संचालित योजनाओं की प्रगति रिपोर्ट खराब मिलने पर जिला कार्यक्रम अधिकारी (डीपीओ) से स्पष्टीकरण तलब किया है। समीक्षा बैठक में स्वास्थ्य कार्यक्रमों की प्रगति संतोषजनक न मिलने पर नोडल अफसर ने मातहतों के पेंच कसे।
जिले के नोडल अफसर व आयुक्त एवं सचिव राजस्व परिषद धीरज साहू बुधवार को शहर आए। उन्होंने कलेक्ट्रेट में शासन की विकास योजनाओं व निर्माणाधीन परियोजनाओं के साथ ही अन्य कार्यक्रमों की समीक्षा की। बैठक में आईटीआई पारा, बीघापुर, फतेहपुर चौरासी, पालीटेक्निक मानपुर, राजकीय कन्या इंटर कालेज बांगरमऊ व राजकीय डिग्री कालेज गोसाईंखेड़ा में शिक्षण कार्य इसी सत्र से शुरू कराने के निर्देश दिए। साथ ही शुक्लागंज स्वास्थ्य केंद्र का विद्युतीकरण 27 जून तक व आंगनबाड़ी केंद्रों का निर्माण सितंबर तक हर हाल में पूरा करने के निर्देश दिए। बैठक में मौजूद एडीएम से विभिन्न देयों की वसूली की शत-प्रतिशत फीडिंग हफ्तेभर में कराकर प्रमाणपत्र उपलब्ध कराने को कहा। यांत्रिक व विद्युत दोष से बंद पड़े नलकूपों को जल्द सही कराने के निर्देश दिए। सिंचाई विभाग को नहरों की सफाई का सत्यापन, स्वच्छ भारत मिशन के अंतर्गत शौचालयों के निर्माण की धनराशि हफ्तेभर में ग्राम पंचायतों को स्थानांतरित और समाजवादी पेंशन के लाभार्थियों का सत्यापन हर हाल में 15 दिन में पूरा करने के निर्देश दिए।
इंसेट-1
हीलाहवाली पर सख्त कार्रवाई का अल्टीमेटम
नोडल अफसर ने जिला अल्पसंख्यक कल्याण अधिकारी कार्यालय का निरीक्षण किया। यहां पर उन्होंने कार्यालय का सामान व्यवस्थित रखा नहीं मिला। इस पर उनका पारा चढ़ गया। उन्होंने विभागीय अधिकारी को निर्देश दिया कि वह कार्यालय के सामान को व्यवस्थित रखें। साथ ही छात्रवृत्ति वितरण की फीडिंग कराने के साथ समय-समय पर जांच करने के भी आदेश दिए। सीडीओ से कहा कि वह मदरसों का निरीक्षण करें और शिक्षकों का बायोडाटा कार्यालय में रखें। आयुक्त को स्वास्थ्य कार्यक्रमों की प्र्रगति भी संतोषजनक नहीं मिली। उन्होंने गर्भवती महिलाओं व बच्चों का टीकाकरण शत-प्रतिशत किया जाए।
इंसेट-2
मजदूरों का समय पर भुगतान न हुआ तो होगी कार्रवाई
सचिव ने नवाबगंज विकासखंड कार्यालय का भी निरीक्षण किया। अभिलेखों की जांच पड़ताल के दौरान उन्हें म जदूरों का भुगतान लंबित मिला। इस पर उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि मजदूरों का समय पर भुगतान कराया जाए। इसमें लापरवाही मिली तो कार्रवाई होगी। नोडल अफसर ने कार्यालय के अभिलेखों, जीपीएफ बुक, सेवा पुस्तिकाओं आदि की रेंडम चेकिंग की। उन्होंने बीआरजीएफ योजना से जुड़े अभिलेखों की भी जांच पड़ताल की। नोडल अफसर ने ब्लाक परिसर में वृक्षारोपण भी किया। निरीक्षण के दौरान डीएम सौम्या अग्रवाल, सीडीओ संजीव सिंह, पीडी डीआरडीए रामकृपाल चौधरी, डीडीओ एनबी सविता समेत अन्य अधिकारी मौजूद रहे।