पुरवा/असोहा। जिले के नोडल अधिकारी व सचिव राजस्व परिषद धीरज साहू ने पुरवा विकासखंड के लोहिया गांव तेवरिया में शुक्रवार को जनता चौपाल लगाई। ग्रामीणों के आवास आवंटन में कब्जा न देने की शिकायत पर क्षेत्रीय लेखपाल व कानूनगो पर कार्रवाई के आदेश डीएम को दिए। वहीं, उच्च प्राथमिक विद्यालय के दो शिक्षकों के अनुपस्थित रहने पर उनका एक दिन का वेतन काटने के निर्देश बीईओ को दिए।
उधर, असोहा विकासखंड के गोसाईंखेड़ा में निर्माणाधीन बालिका डिग्री कालेज के निरीक्षण के दौरान जाल की नाप-तौल की जानकारी न दे पाने पर सचिव ने कार्यदायी संस्था के अधिकारियों को आड़े हाथों लेते हुए जमकर फटकार लगाई। सचिव ने पूछा कि जब नाप-तौल की जानकारी ही नहीं है तो भुगतान किस आधार पर हो रहा है।
डॉ. राम मनोहर लोहिया समग्र ग्राम विकास योजना के तहत चयनित ग्राम तेवरिया में संचालित योजनाओं की जमीनी हकीकत परखने के लिए नोडल अधिकारी धीरज साहू ने ग्रामीणों के बीच चौपाल लगाई। इस दौरान संबंधित विभागों के अधिकारियों से 32 बिंदुओं पर समीक्षा की। सचिव ने कई बिंदुओं पर जांच के निर्देश दिए तथा गांव में हो रहे विकास कार्यों के सत्यापन के लिए मौके पर टीम भेजी।
समापन के बाद गांव में खुद जाकर निरीक्षण किया। सबसे पहले तेवरिया-मोहकमगंज संपर्क मार्ग में बड़े-बड़े गड्ढे होने पर पीडब्ल्यूडी के अधिकारी को बुलाकर जानकारी ली। गांव में बन रही सीसी रोड व नालियों के निर्माण के बारे में जानकारी करने पर 40 मीटर सीसी रोड अपूर्ण मिली। स्वच्छ पेयजल के तहत 24 इंडिया मार्का हैंडपंप स्थापित हैं जिसमें एक खराब पाया गया जिसे तत्काल जल निगम को ठीक कराने का आदेश दिया।
तालाब खोदाई की जानकारी करने पर पता चला कि 40 लोगों द्वारा काम किया गया है। मजदूरों से मजदूरी मिलने की जानकारी हासिल करने पर रोजगार सेवक द्वारा खर्च की गई सही धनराशि का जवाब न देने पर सचिव ने एसडीएम बीघापुर को जांच के निर्देश दिए।