औरास। कस्तूरबा गांधी आवासीय विद्यालय की नौ छात्राएं दो दिन से पेटदर्द व बुखार से परेशान हैं। उनके हाथ और मुंह में दाने भी निकले हैं। शुक्रवार को उनका प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में उनका इलाज किया गया। डाक्टरों की मानें तो बच्चियों में यह दिक्कतें फ्लोराइड युक्त पानी पीने व विद्यालय के आसपास साफ-सफाई न होने से हुई है।
कस्तूरबा गांधी आवासीय विद्यालय में दो दिनों से कक्षा छह की छात्रा शिल्पी, मयविश, सपना, संध्या, कक्षा सात की छात्रा पूनम, नीतू, पूजा, सुष्मिता व कक्षा आठ की छात्रा अर्चना की तबियत खराब चल रही है। इसमें शिल्पी, संध्या, पूजा, मयविश व सुष्मिता के हाथ और मुंह में छाले पड़े हैं।
पूनम, नीतू और अर्चना के पेट में दर्द है जबकि सपना को बुखार आ रहा है। इन सभी छात्राओं का इलाज विद्यालय में ही रखी दवाएं देकर किया जा रहा था लेकिन तबियत में सुधार न होने पर वार्डेन कामिनी छात्राओं को प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र लेकर आईं। यहां प्रभारी डा. प्रेमचंद्र ने बच्चियों को देखा। बच्चियों का चेकअप करने के बाद हालत गंभीर न पाए जाने पर सभी छात्राओं को दवाएं देकर विद्यालय भेज दिया गया।