35 भवनों की जांच में पूरे नहीं मिले अग्नि सुरक्षा के मानक
-नोटिस जारी, मानक पूरे न करने पर सील करने करने की चेतावनी
संवाद न्यूज एजेंसी
उन्नाव। दिल्ली में हुए अग्निकांड के बाद शासन के निर्देश पर अग्निशमन विभाग की टीमों ने होटलों, अस्पतालों और व्यावसायिक प्रतिष्ठानों की चेकिंग की। 35 भवनों की जांच में कहीं भी मानक पूरे नहीं मिले। कहीं निकास के रास्तों पर अतिक्रमण मिला तो कहीं फायर फाइटिंग सिस्टम नहीं या उपयोगी नहीं मिला।
सीएफओ ने नोटिस जारी कर तत्काल सुधार करने और 15 दिन बाद दोबारा जांच में सुधार न मिलने पर कानूनी कार्रवाई की चेतावनी दी।
पुलिस महानिदेशक, फायर सर्विस के निर्देश पर सीएफओ अनूप सिंह, अग्निशमन अधिकारी राममिलन भारती ने ने टीम ने सघन जांच की।
गदनखेड़ा बाईपास स्थित आरवी टॉवर होटल का निरीक्षण किया। संचालन की एनओसी नहीं मिली। फायर एक्सटिंग्विशर भी नहीं लगा मिला। संचालक को नोटिस देकर जल्द सुधार का निर्देश दिया। होटल के बगल में आरा मशीन के आसपास लकड़ियां रखी मिलीं तो उन्हें भी हटवाया गया। अल हबीब होटल में भी टीम को आग से बचाव के इंतजाम नहीं मिले। गदनखेड़ा बाईपास स्थित गोल्डन बार, बड़ा चौराहा स्थित माया-इन के संचालक फायर एनओसी नहीं दिखा सके। यहां अग्नि सुरक्षा के मानक भी पूरे नहीं मिले।
सीएफओ ने बताया कि होटलों की जांच के दौरान भवनों में स्थापित फायर एक्सटिंग्विशर (अग्निशमन यंत्र), होजरील, स्प्रिंकलर सिस्टम और टेरिस फायर पंपों की जांच की गई है। व्यवस्थाएं सही नहीं मिली हैं, नोटिस जारी किया है।