ट्रेलरी में कार्यभार ग्रहण करते नवागत जिलाधिकारी रवींद्र कुमार।
- फोटो : UNNAO
उन्नाव। कन्नौज से चार्ज लेने जनपद आए नवागत जिलाधिकारी रवींद्र कुमार की नजर शहर के अंदर फैली गंदगी पर पड़ी तो उन्होंने नाराजगी जताई। इसका दर्द पत्रकारों से बातचीत में सामने आया। उन्होंने कहा कि शहर की साफ-सफाई प्राथमिकता है।
कोषागार में चार्ज लेने के बाद डीएम ने अपने कार्यालय में मीडिया से बातचीत में कहा कि उन्नाव जनपद कानपुर-लखनऊ जैसे महानगरों के बीच बसा है। अक्सर बड़े अधिकारी व जनप्रतिनिधि इसी मार्ग से कानपुर, लखनऊ के बीच आवागमन करते हैं। इसके बाद भी शहर की सफाई में लापरवाही बरती जा रही है। कलक्ट्रेट आते समय शहर में गंदगी दिखी तो मन काफी दुखी हुआ। इसलिए अब उनकी पहली प्राथमिकता शहर की साफ-सफाई कराकर उसे चमकाना होगा। इसके लिए अलग से अधिकारियों के साथ बैठक करेंगे। साथ ही निरंतर साफ-सफाई की समीक्षा की जाएगी। जनपद में छुट्टा मवेशियों की भरमार पर डीएम ने कहा कि सभी जानवरों को गोआश्रयस्थलों में भिजवाया जाएगा। कंपोजिट ग्रांट जैसी योजना के सवाल पर नवागत जिलाधिकारी ने दोटूक कहा कि जो भी योजनाएं हैं उन्हें शासनादेश के अनुसार ही संचालित कराया जाएगा। इसमें एक बिंदु भी अलग से शामिल नहीं होगा।
2010 के पदोन्नत आईएएस रवींद्र कुमार इससे पहले 26 माह तक कन्नौज के जिलाधिकारी रहे। 22 दिसंबर 2017 को कन्नौज और 22 फरवरी 2020 को उन्नाव डीएम बनाए जाने पर उन्होंने इसे एक मात्र संयोग ही बताया। मूल रूप से कौशांबी के रहने वाले नवागत जिलाधिकारी इससे पहले अपर खाद्य आयुक्त के साथ आगरा में एडीएम व सचिव विकास प्राधिकरण भी रह चुके हैं। इससे पहले रवींद्र कुमार ने सोमवार सुबह 12 बजे के करीब कोषागार पहुंचकर कार्यभार ग्रहण किया। इस दौरान कोषागार के डबललॉक के स्टांप रजिस्टर का निरीक्षण किया। फिर अधिकारियों के साथ बैठक की। कहा कि ग्रामीण एवं नगरीय क्षेत्रों में साफ -सफ ाई को एक अभियान के रूप में चलाया जाए। एडीएम से कहा कि बोर्ड परीक्षाएं पूरी पारदर्शिता के साथ संपन्न कराई जाएं। उन्होंने परीक्षा के लिए कलक्ट्रेट में एक अतिरिक्त कंट्रोलरूम बनाए जाने के आदेश दिए। डीएम ने कलक्ट्रेट के विभिन्न विभागों का निरीक्षण भी किया।
जिला उद्योग बंधु की बैठक कलक्ट्रेट में हुई। जिसमें नवागत जिलाधिकारी रवींद्र कुमार ने अधिशासी अधिकारी नगर पालिका को जनपद व औद्योगिक क्षेत्रों की साफ -सफ ाई रोस्टर के आधार पर कराए जाने के निर्देश दिए। बैठक में अधिशासी अभियंता विद्युत वितरण खंड प्रथम ने बताया कि नेहरू बाग डेडीकेटेड फ ीडर का कार्य मार्च माह के प्रथम सप्ताह में पूर्ण कर लिया जाएगा। उपायुक्त उद्योग सविता भारती रंजन ने विभिन्न रोजगारपरक योजनाओं की जानकारी दी। डीएम ने कहा कि उद्यमी सदैव उनसे व्यक्तिगत रूप से भेंट कर अपनी समस्याओं से अवगत करा सकते हैं। उद्यमियों की समस्याओं का गुणवत्तापूर्ण समाधान उनकी प्राथमिकता है। सीडीओ डॉ. राजेश कुमार प्रजापति, एडीएम राकेश कुमार सिंह, उपायुक्त जीएसटी आशीष निरंजन, सुशील सिंह, एक्सईएन पीडब्ल्यूडी अजय वर्मा समेत उद्यमी मोहन बंसल, एके गर्ग, संदीप शुक्ला, सुधीर अग्रवाल, एकेमाहेश्वरी व कांती मोहन गुप्ता आदि उपस्थित रहे।