कांशीराम कालोनी जहां कभी सड़कों पर कूड़ा व गंदगी होने पर संबंधित कर्मचारी व अधिकारी पर सख्त कार्रवाई होती थी, वहां कई दिनों से गंदा पानी भरा है। कालोनी वासियों ने नगर पालिका में शिकायत भी की, मगर कोई सुनवाई नहीं हुई। अफसरों की उपेक्षा से बाशिंदों को भीषण गंदगी के बीच रहने को मजबूर हैं।
शहर से तीन किमी की दूरी पर कांशीराम कालोनी में बसपा सरकार में जहां सफाईकर्मी समय से पहुंचकर साफ-सफाई करते थे और यहां लोगों को अन्य सुविधाएं आसानी से मुहैया होती थी।
वहीं मौजूदा समय में यहां के बाशिंदे भीषण गंदगी के बीच जीवनयापन को मजबूर हैं। हालात यह हैं कि यहां जलनिकासी को बनाया गया नाला चोक हो गया है, जिससे इसमें भरा पानी उफनाकर रोड पर आ गया है। पूरी कालोनी में नाले का गंदा व बदबूदार पानी भरा हुआ है।
स्थानीय निवासी संगीता, रेहाना, रुबीना, साहिदा, परवेज, विक्रम, गोपीनाथ, राजेंद्र, कल्लू आदि ने बताया कि कालोनी क्षेत्र में तीन दिन से गंदा पानी भरा हुआ है। बताया कि कालोनी में बीते कई हफ्तों से सफाईकर्मी नहीं पहुंचे हैं और सफाई न होने के चलते नाला चोक हो गया है।
लोगों का कहना है कि यदि कालोनी में सफाई का काम जल्द नहीं करवाया गया तो वह लोग बेबस होकर आंदोलन को मजबूर होंगे। वहीं इस बारे में नगर पालिका ईओ रोली गुप्ता ने बताया कि सफाईकर्मियों को नियमित सफाई करने के आदेश हैं, यदि वहां पर सफाई नहीं हो रही है तो इसकी जानकारी करवाकर शीघ्र सफाई करवाई जाएगी।