औरास। हाजीपुर गोशा गांव में पड़ोसी के घर के बाहर करंट से बकरी को बचाने में झुलसी महिला की मौत की घटना में पड़ोसी पर गैर इरादतन हत्या की रिपोर्ट दर्ज हुई है। 20 अक्तूबर को करंट से झुलसी महिला की गुरुवार सुबह मौत हो गई थी।
थानाक्षेत्र के हाजीपुर गोशा गांव निवासी जाबिर की पत्नी रहीशा 20 अक्तूबर को दोपहर 12 बजे पड़ोसी रामदत्त के सहन में बंधे लोहे के तार में आ रहे करंट की चपेट में आई बकरी को बचाने में झुलस गई थीं। ट्रामा सेंटर लखनऊ में इलाज चल रहा था। गुरुवार सुबह इलाज के दौरान रहीशा की मौत हो गई थी।
परिजन शव गांव लेकर आए थे। तहरीर के बाद भी आरोपियों पर कार्रवाई न होने से नाराज परिजनों ने औरास-मोहान मार्ग पर शव रखकर जाम लगाकर रिपोर्ट दर्ज करने के लिए हंगामा किया था। पुलिस के रिपोर्ट दर्ज करने का भरोसा दिलाने के बाद गुरुवार देर शाम मृतका के बेटे इरशाद ने रामदत्त, छान और पुतान के खिलाफ लोहे का तार बांधकर जानबूझकर करंट दौड़ाने का आरोप लगाकर तहरीर दी।
थानाध्यक्ष रेखा सिंह ने बताया कि मृतका के बेटे की तहरीर पर तीन लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर जांच की जा रही है।