उन्नाव। सदर कोतवाली क्षेत्र के नेहरूनगर में स्थित ओम फार्मा फैक्टरी पर बुधवार शाम नारकोटिक्स और आबकारी विभाग की टीम ने छापा मारा। यह कार्रवाई औषधि की आड़ में नशे के लिए भांग मुनक्का बनाने की सूचना पर की गई। जांच में फैक्टरी से भारी मात्रा में तैयार और कच्चा माल बरामद हुआ।
लखनऊ से आई नारकोटिक्स विभाग की टीम ने आबकारी विभाग के कर्मियों के साथ फैक्टरी की जांच की। टीम शाम तीन बजे पहुंची और रात दस बजे तक जांच में जुटी रही। दस से अधिक नमूने संदेह के आधार पर सील किए गए। फैक्टरी मालिक संजय कुमार के पास विजया वटी और हाजमा मुनक्का जैसी आयुर्वेदिक दवाएं बनाने का लाइसेंस है। टीम को लाइसेंस से अधिक स्टॉक और मानकों से छेड़छाड़ की शिकायतें मिली थीं। सूत्रों के अनुसार, कुछ औषधियों में भांग व अन्य नशीले केमिकल का मानक से अधिक उपयोग हो रहा था, जिसका युवा नशे के लिए इस्तेमाल कर रहे थे। चेकिंग में फैक्टरी के भीतर तैयार और कच्चे माल का बड़ा जखीरा मिला। विभाग को ओम फार्मा फैक्टरी के खिलाफ शिकायतें मिली थीं। इनमें लाइसेंस से अधिक स्टॉक और दवा निर्माण के मानकों का उल्लंघन शामिल था। उत्पादों में नशीले पदार्थों का अत्यधिक इस्तेमाल होने का भी आरोप था। जिला आबकारी अधिकारी अनुराग मिश्र ने बताया कि जांच जारी है। नारकोटिक्स विभाग की टीम ने आबकारी निरीक्षक भवानी प्रताप सिंह के साथ दस्तावेज जांचे और कर्मचारियों से पूछताछ की। नमूनों की रिपोर्ट आने पर आगे की कार्रवाई होगी।