उन्नाव। अचलगंज थाना क्षेत्र के घोरवाखेड़ा गांव की एक 40 वर्षीय महिला सोमवार शाम गांव के बाहर लहूलुहान हालत में खेत में मिली। ग्रामीणों ने देखा तो परिजनों को सूचना दी। उसे गंभीर हालत में सीएचसी से जिला अस्पताल और बाद में कानपुर रेफर कर दिया गया।
अचलगंज थाना क्षेत्र के घोरवाखेड़ा गांव निवासी कुसमा (45) पत्नी स्व पुतान रावत सोमवार शाम खेत में लहूलुहान हालत में पड़ी मिली। ग्रामीणों ने परिवार के लोगों को जानकारी दी। जानकारी होने पर लोगों का मजमा लग गया। परिजनों ने एंबुलेंस से कुसमा को लेकर सीएचसी अचलगंज पहुंचे। हालत गंभीर देख डाक्टर ने जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। जिला अस्पताल के ईएमओ डा. आशीष ने बताया कि महिला के चेहरे पर आठ चोटें हैं। उन्होंने मारपीट में चोटे आने की आशंका जताई है। महिला के परिजन घटना को लेकर कुछ भी जानकारी न होने की बात कहते रहे। उसे गंभीर हालत देख ईएमओ ने कानपुर रेफर कर दिया। अचलगंज एसओ डीपी सिंह ने बताया कि कोई सूचना नहीं मिली है। तहरीर मिलने पर जांच कर कार्रवाई की जाएगी।