नवाबगंज(उन्नाव)। लखनऊ-कानपुर हाईवे के अजगैन क्षेत्र के चमरौली गांव के पास रविवार को कंटेनर की टक्कर से बाइक सवार मां, बेटे घायल हो गए। हेलमेट लगाए होने से बाइक चला रहे बेटे को ज्यादा चोट नहीं आई है। हादसे के बाद कुछ दूरी पर चालक कंटेनर छोड़कर भाग गया।
शहर कोतवाली के सिविल लाइन केवटा निवासी फैक्टरी कर्मी देशराज की पत्नी लीलावती (40) बेटे अमर प्रताप के साथ बाइक से अजगैन के गांव जरुआखेड़ा में रहने वाले एक रिश्तेदार के यहां शादी समारोह में शामिल होने के लिए जा रही थीं। लखनऊ कानपुर हाईवे की अजगैन कोतवाली क्षेत्र के चमरौली गांव के सामने पहुंचने पर कानपुर की ओर से आ रहे एक तेज रफ्तार कंटेनर ने बाइक में पीछे से टक्कर मार दी। हादसे में बाइक चला रहा अमर प्रताप उछलकर दूर गिरा।
लीलावती कंटेनर म्रें फंसकर लगभग 200 मीटर घसीटती हुई चली गईं। हादसे की सूचना पर पहुंची एंबुलेंस से मां-बेटे को सीएचसी पहुंचाया गया। वहां डॉक्टरों ने लीलावती को मृत घोषित कर दिया। वहीं अमर का इलाज चल रहा है। लीलावती की मौत की खबर सुनते ही पति के अलावा परिवार के सभी लोग बिलख पड़े। रिश्तेदारों ने सांत्वना देकर शांत कराया। हादसे के बाद पुलिस ने कंटेनर को कब्जे में ले लिया। चालक की तलाश की जा रही है। पुलिस के मुताबिक तहरीर मिलने पर कार्रवाई की जाएगी।