इटावा। रक्षाबंधन त्योहार के चलते आयुक्त, खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन के आदेश पर सहायक आयुक्त (खाद्य सुरक्षा) राजेश द्विवेदी के नेतृत्व में जिले में खाद्य सुरक्षा अधिकारियों की टीम मिठाइयों की जांच की। इस बीच मिठाई की दुकान पर फफूंदी लगी बर्फी देख वह गए और टीम को तत्काल नमूने लेने के निर्देश दिए। टीम की ओर से 16 नमूने लिए गए।
सहायक आयुक्त (खाद्य) ने बताया कि फर्रुखाबाद फाटक के पास एक दुकान से रंगीन छेना मिठाइयों के तीन नमूने लिए गए। इसके बाद तकिया तिराहा के पास स्थित एक दुकान से बूंदी का लड्डू और रंगीन छेना मिठाई के नमूने लिए गए। यहीं पास में स्थित एक दुकान से भी बूंदी का लड्डू और चमचम छेना मिठाई के नमूने लिए गए।
ऊसराहार तिराहे पर स्थित एक मिठाई की दुकान पर टीम की गाड़ी जैसे ही पहुंची, टीम को देखकर मिठाई कारोबारी भागने लगे। जिस पर टीम के सदस्यों ने दौड कर पकड़ लिया और टीम ने काउंटर में रखी फफूंद लगी बर्फी और बूंदी के लड्डू में अत्यधिक रंग के प्रयोग के संबंध में पूछा तो वह कोई जवाब न दे सका। भरथना बालूगंज स्थित एक किराना स्टोर से सौंफ और बेसन का नमूना लिया। पास में ही स्थित एक दुकान से रंगीन छेना रसगुल्ला और बूंदी के लड्डू का नमूना लिया।
इसके बाद टीम ने बकेवर स्थित स्वीट्स से चॉकलेट बर्फी एवं पनीर का नमूना जांच के लिए भेजा। टीम के सदस्यों में मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी सतीश कुमार, खाद्य सुरक्षा अधिकारी राकेश सकारिया, संदीप सिंह, रविभान सिंह, मृत्युंजय कुमार, गायत्री, सुभाष सोनकर रहे।