उन्नाव। अब कानपुर, लखनऊ, रायबरेली के बीच का सफर और आसान होगा। लखनऊ के मोहनलालगंज को कानपुर के मंधना से जोड़ने वाले राज्यमार्ग की चौड़ाई दो मीटर बढ़ाकर सात मीटर की जाएगी। प्रोजेक्ट को मंजूरी देते हुए शासन ने 26.38 करोड़ की पहली किस्त भी जारी कर दी है।
लखनऊ के मोहनलालगंज से पुरवा, मौरावां होते हुए बदरका से गंगा बैराज के रास्ते कानपुर के मंधना को जोड़ने वाला यह मार्ग स्टेट हाईवे घोषित है। मार्ग कुल 75 किलोमीटर लंबा है। वर्तमान में इसकी चौड़ाई पांच मीटर है। राज्यमार्ग होने के बाद भी पांच मीटर चौड़ा होने से इसका सही उपयोग नहीं हो पा रहा है।
अक्सर एक साथ कई वाहनों के इस मार्ग से निकलने के दौरान जाम लग जाता है, जिससे लोगोंं को परेशान होना पड़ता है। अब इसकी चौड़ाई दो मीटर बढ़ाकर सात मीटर करने को मंजूरी मिल गई है। प्रदेश सरकार ने भेजे गए 75 करोड़ के प्रस्ताव को हरी झंडी देते हुए पहली किस्त भी जारी कर दी है।
इस मार्ग के चौड़ा होन से लोगों को जाम की समस्या से निजात मिलेगी। मोहनलालगंज, पुरवा होते हुए लखनऊ, कानपुर जाने वाले लोगों को करीब 15 किलोमीटर कम दूरी तय करनी होगी। इससे समय भी बचेगा। इसके अलावा इसी मार्ग से वाहन पुरवा, मौरावां होते हुए रायबरेली भी निकल सकेंगे।
मोहनलालगंज से मंधना राज्यमार्ग को चौड़ा करने के काम को शासन की मंजूरी मिल गई है। शासनादेश जारी हो गया है। काम शुरू कराने के लिए पहली किस्त भी जारी कर दी गई है। उनकी तरफ से तैयारी पूरी है। जल्द ही टेंडर प्रक्रिया शुरू की जाएगी।
- हरदयाल अहिरवार, एक्सईएन पीडब्ल्यूडी प्रांतीयखंड