कांग्रेस उपाध्यक्ष राहुल गांधी गुरुवार शाम 4.47 बजे कांग्रेस प्रत्याशी इं. अंकित सिंह परिहार के समर्थन में जनसभा करने बीघापुर के मुरकुटी चौराहा मैदान पहुंचे। राहुल गांधी ने जिले के साहित्यकारों व क्रांतिकारियों का जिक्र कर सबसे पहले जनता से भावनात्मक रिश्ते बनाए। इसके बाद पीएम मोदी पर हमलावर हुए तो पूरे 20 मिनट तक अपने चिर परिचित अंदाज में तीखे प्रहार करते रहे। बोले कि दो करोड़ युवाओं को रोजगार देने का वादा करने वाली केंद्र सरकार ने झूठा वादा कर युवाओं को ठगने का काम किया है। विदेशों से कालाधन वापस लाने के साथ ही 15 लाख रुपये खाते में आए कि नहीं आए, जनता से सीधा सवाल किया तो आवाज आई नहीं, इस पर मुस्कुराते हुए बोले, यह है अच्छे दिन वाली सरकार। राहुल ने स्वच्छता अभियान पर चुटकी लेते कहा कि सफाई तो नहीं हुई, लेकिन अफसरों को झाड़ू जरूर थमा दी। उन्होंने कहा कि मोदी सरकार ने 50 उद्योगपतियों के एक लाख 40 हजार करोड़ का कर्ज माफ कर दिया जबकि किसानों की सुध तक नहीं है। कर्ज से दबे किसानों की मौत पर मोदी सरकार पर कांग्रेस उपाध्यक्ष जमकर बरसे। मोदी सरकार से सचेत होकर कांग्रेस प्रत्याशी को जनता से जीताने की अपील करने के बाद 5.10 बजे लौट गए। इस दौरान पूर्व सांसद अन्नू टंडन, सपा नेता धर्मेंद्र यादव, ओम प्रकाश पासवान भी मौजूद रहे।
नोटबंदी ने किसान, मजदूर को तोड़ा
राहुल गांधी ने नोटबंदी के फैसले को आड़े हाथों लेते हुए कहा कि धनकुबेरों की सेहत पर कोई फर्क नहीं पड़ा लेकिन किसान व मजदूर जरूर टूट गया। साथ ही कांग्रेस को किसान हितैषी करार देते हुए पूर्व में किसानों के माफ किए गए 70 हजार करोड़ रुपये का जिक्र कर पार्टी के पक्ष में माहौल बनाया।
पीएम कर्ज माफ करने का कर रहे ढोंग
कांग्रेस उपाध्यक्ष ने मोदी पर हमला करते हुए कहा कि 2014 के लोकसभा चुनाव में दो करोड़ युवाओं को रोजगार, स्विस बैंक से कालाधन वापस लाने के साथ ही किसानों का कर्ज माफ करने जैसे कई वादे किए थे, लेकिन किया कुछ भी नहीं। अब यूपी की सत्ता हासिल करने के लिए पीएम एक बार फिर कर्ज माफी की बात दोहरा रहे हैं। राहुल बोले, अगर करना होता तो पांच मिनट में मंत्रिमंडल में बैठक कर प्रस्ताव पास कर किसानों का कर्ज केंद्र सरकार माफ कर सकती है, लेकिन ऐसा होगा नहीं।