मोहल्ला आदर्श नगर से दो मासूम बच्चे संदिग्ध हालात में लापता हो गए। मां की तहरीर पर अज्ञात के खिलाफ अपहरण का मुकदमा दर्ज कर पुलिस तफ्तीश में जुट गई है।
बीघापुर के बाबूखेड़ा गांव निवासी मुकेश और उसकी पत्नी शिवकुमारी शहर में किराए पर रहकर मजदूरी करते हैं। एक सप्ताह पहले मुकेश ने आदर्श नगर मोहल्ला निवासी गंगादेवी के मकान में किराए का कमरा लिया था।
रोज की तरह शनिवार को मुकेश और शिवकुमार मजदूरी करने गए थे और उनके दो बेटे शिवा (9) और शाहिल (7) घर पर अकेले थे। शाम को पति-पत्नी मजदूरी करके घर लौटे तो दोनों बेटे घर पर नहीं थे। दोनों ने खोजबीन की मगर दोनों का पता नहीं चला।
शिवकुमारी की तहरीर पर सदर कोतवाली पुलिस ने रविवार को अज्ञात के खिलाफ बच्चों के अपहरण का मुकदमा दर्ज किया। बच्चों की तलाश में दो दिन से रिश्तेदारों और जान पहचान वालों के यहां भटक रहे दंपति को अबतक मायूसी हाथ लगी है।
घटना की तफ्तीश कर रही जिला अस्पताल पुलिस चौकी इंचार्ज इंदू यादव ने बताया कि लापता बच्चों की तलाश कर जल्द से जल्द बरामद करने का प्रयास किया जा रहा है।