उन्नाव। महिला दुकानदार से युवकों ने अभद्रता की। मुंह पर डिब्बे फेंक कर मारे। बचाने आए युवक को पुलिस के सामने पीटा। पीआरवी के सिपाहियों से धक्कामुक्की की और भाग गए। घटना का वीडियो वायरल हुआ तो सीओ ने कार्रवाई के आदेश दिए।
सफीपुर कस्बे की रहने वाली नैना तिवारी का पति से विवाद चल रहा है। वह गुजारा करने के लिए जिला अस्पताल गेट के पास चाय की दुकान किए हैं। शुक्रवार रात करीब 12:30 बजे बाइक और स्कूटी सवार करीब पांच युवक नशे में दुकान पहुंचे। नैना से अभद्रता करने लगे। विरोध किया तो उनके मुंह पर बिस्कुट, नमकीन आदि के डिब्बे फेंक पर मारे। इसी दौरान उधर से निकल रहे आदर्श नगर निवासी सौरभ ने युवकों को वहां से जाने के लिए कहा तो उसे पीटना शुरू कर दिया।
सूचना पर पीआरवी पहुंची और हमलावरों से युवक को छुड़ाने का प्रयास किया। लेकिन हमलावर पुलिस के सामने युवक को पीटते रहे और बाद में सिपाहियों से धक्कामुक्की की। हैरानी की बात यह है कि अस्पताल चौकी के सामने और सदर कोतवाली से कुछ दूरी पर घटना होने के बाद भी हमलावर, महिला दुकानदार को गोली मारने की धमकी देकर भाग गए और पुलिस उन्हें पकड़ नहीं पाई।
किसी ने मारपीट का वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल किया तो सीओ सिटी सोनम सिंह ने कोतवाल को पिटाई से घायल युवक का मेडिकल कराने और मारपीट करने वालों की तलाश कर उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए। सीओ ने बताया कि महिला से तहरीर ली गई है। युवक का मेडिकल कराया गया है। मारपीट करने वालों की गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं।