गंजमुरादाबाद(उन्नाव)। लॉकडाउन के बाद दूसरे प्रदेशों से घर लौटे बांगरमऊ कोतवाली व बेहटामुजावर थाना क्षेत्र के लोगों ने खुद को क्वारंटीन नहीं कराया। शनिवार को गांव पहुंची स्वास्थ्य टीमों से ग्रामीणों ने अभद्रता करने के साथ मारपीट व मोबाइल छीनने की कोशिश की। बेहटामुजावर पुलिस ने दो लोगों पर रिपोर्ट दर्ज कर जेल भेजा है। जबकि बांगरमऊ पुलिस तहरीर मिलने की बात कही है।
लॉकडाउन के बाद अन्य प्रदेशों में नौकरी कर रहे बांगरमऊ कोतवाली क्षेत्र के ग्राम गोशा प्रयागपुर में 18 व थाना बेहटामुजाबर के रूरी सादिकपुर में लगभग 30 लोग अपने-अपने घर आ गए। किसी ने खुद को क्वारंटीन नहीं कराया। शनिवार को बांगरमऊ पीएचसी से डॉ एसके सिंह के नेतृत्व में दो सदस्यीय टीम ग्राम गोशाप्रयागपुर और डा. आदित्य गौड़ के नेतृत्व में एक टीम ग्राम रूरी सादिकपुर पहुंची। ग्राम प्रधान की अपील पर दूसरे राज्यों से आए लोग गांव के प्राथमिक विद्यालय में एकत्र हो गए। स्वास्थ्य टीम को देख ग्रामीणों ने मास्क, सैनिटाइजर व खाद्य सामग्री न मुहैया कराए जाने की बात कह अभद्रता शुरू कर दी।
टीम के विरोध करने पर मारपीट करने व मोबाइल छीनने की कोशिश की। दबाब बनाकर मोबाइल की जरूरी फोटो भी डिलीट करा दी। स्वास्थ्य कर्मियों ने किसी तरह भागकर जान बचाई। डॉ आदित्य गौड़ की तहरीर पर थाना बेहटामुजाबर पुलिस ने अभद्रता करने वाले अजय कुमार व कुलदीप पर रिपोर्ट दर्ज कर उन्हें जेल भेज दिया। बांगरमऊ कोतवाली प्रभारी श्यामकुमार पाल ने बताया कि तहरीर मिल गई है, जांच के बाद रिपोर्ट दर्ज की जाएगी।