चकलवंशी। देवगांव अंबहरा ब्रांच की माइनर में चकलवंशी के पास ओवरफ्लो होने से पानी आसपास के खेतों में भर गया। इससे लगभग पचास बीघा फसल जलमग्न हो गई। अधिकारियों द्वारा कोई भी कार्रवाई न किए जाने पर किसानों ने घंटों मेहनत करने के बाद खेतों में जा रहे पानी को रोका।
बुधवार सुबह लगभग 10 बजे देवगांव अंबहरा ब्रांच की माइनर उफना गई। इससे चकलवंशी व इसके आस पास के गांव जगदीशपुर, अंबहरा सहित अन्य गांवों के खेतों में पानी भर गया।
सूचना पर शिवबालक सिंह, राजेश सिंह, विशंभर सिंह, सरवन सिंह, रतीभान आदि किसान खेतों पर पहुंचे साथ ही संबंधित विभाग के अधिकारियों को इसकी जानकारी दी। कई घंटों तक जब कोई अधिकारी मौके पर नहीं पहुंचा तो किसानों ने स्वयं ही पानी को रोकने का प्रयास किया।
लगभग छह घंटे की मेहनत के बाद किसान पानी को रोकने में कामयाब हो सके। किसानों का कहना है कि माइनर की सफाई कभी भी टेल तक नहीं की जाती है इससे पानी ओवरफ्लो हो जाता है।
इस संबंध में जब सिंचाई विभाग के जेई ज्ञानेंद्र चौरसिया से बात की गई तो कहना था कि यह माइनर हमारे पास नहीं है। जिस क्षेत्र में यह माइनर आती है उस क्षेत्र के अधिकारी से बात करें। जबकि किसानों के मुताबिक ज्ञानेंद्र ही उनके क्षेत्र के जेई हैं।