चकलवंशी (उन्नाव)। माखी थाना क्षेत्र के थाना गांव के पास हरदोई-उन्नाव मार्ग पर मिनी बस वाहन को ओवरटेक करते अनियंत्रित होकर पलट गई। हादसे में एक महिला की मौत हो गई जबकि उसके दो बच्चों समेत 16 यात्री घायल हो गए। हादसे के चलते मार्ग पर जाम लग गया जिसे पुलिस ने मशक्कत कर खुलवाया।
संडीला से सवारियां लेकर उन्नाव जा रही मिनी बस शुक्रवार दोपहर दो बजे माखी थाना क्षेत्र के थाना गांव स्थित एक गेस्ट हाउस के पास आगे जा रहे वाहन को ओवरटेक करते वक्त अनियंत्रित होकर पलट गई। इससे बस में सवार यात्रियों में चीख पुकार मच गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने सदर कोतवाली के मोहल्ला कासिम नगर निवासी शबा परवीन (40) पत्नी इसरार, उसके बच्चों उमेर (9) व जैनब (4) के अलावा हरदोई की कविता (70), अवधेश कुमार (60) टेनई, गीता शर्मा (60), सुषमा (60), शिवदेवी (60), सोनम (14), कुसमा (58) पत्नी अवधेश, फूलकुमारी (60) को जिला अस्पताल पहुंचाया। जहां डॉक्टर ने शबा परवीन को मृत घोषित कर दिया। अन्य मामूली घायलों में रुचि (35), संतोषा (45), उनके पति देसराज (50), सुनीता (45), शिवदेवी (50), कमलेशा (70) पास के ही निजी अस्पताल में इलाज कराकर घर चले गए। मृतका के शव का पुलिस ने पोस्टमार्टम कराया। जिसमें बाईं तरफ का फेफड़ा फटने से मौत की पुष्टि हुई है। बस पलटने की घटना के बाद उन्नाव-हरदोई मार्ग पर दोनों वाहनों की कतारें लग गई। त्योहार के चलते यातायात ज्यादा होने से कुछ ही देर में भीषण जाम लग गया। पुलिस ने काफी मशक्कत के बाद यातायात सामान्य किया। इस दौरान करीब एक घंटे पर उन्नाव-हरदोई मार्ग जाम रहा।
आंखों के सामने मां की मौत से सदमे में बच्चे
सदर कोतवाली के मोहल्ला कासिम नगर निवासी शबा परवीन (40) पत्नी इसरार अपने दो बच्चों उमेर (9) व जैनब (4) के साथ मियागंज स्थित मायके गई थी। घर लौटते समय हुए हादसे में शबा की मौत हो गई। अपनी आंखों के सामने मां की मौत देख बच्चे सदमे हैं। हादसे की सूचना पर जिला अस्पताल पहुंचे परिजन बच्चों को लेकर घर चले गए।
बीस सीटर बस में सवार थे 45 यात्री
बीस सीटर मिनी बस में हादसे के वक्त 45 यात्री सवार थे। बस की हालत भी खस्ताहाल है। यात्रियों के मुताबिक बस में करीब 45 यात्री सवार थे। जबकि बस में 20 यात्रियों के बैठने की ही क्षमता थी। थाना प्रभारी योगेश सिंह ने बताया कि बस के रजिस्ट्रेशन, फिटनेस, बीमा आदि प्रपत्रों की जांच की जा रही है। तथ्यों के आधार पर कार्रवाई की जाएगी।
फोटो-20- शबा परवीन (फाइल फोटो)
फोटो-20- शबा परवीन (फाइल फोटो)