उन्नाव। बिजली विभाग ने तीन माह तक मीटर रीडिंग पर रोक लगा दी है। ऐसे में विभाग पिछले माह के बिलों के आधार पर औसत रीडिंग का बिल बनाकर मैसेज के जरिए उपभोक्ताओं तक पहुंचाएगा।
जिले में कुल 3.90 लाख बिजली उपभोक्ता हैं। इसमें शहरी क्षेत्र के उपभोक्ता करीब 45 हजार हैं। बिजली विभाग इन उपभोक्ताओं को हर माह उनके घर पर बिल उपलब्ध कराता है। मीटर रीडिंग की जिम्मेदारी एक निजी एजेंसी को दे रखी है। एजेंसी के कर्मचारी घरों में जाकर मीटर से रीडिंग लेकर बिल जनरेट करते हैं और उपभोक्ताओं को देते हैं। इधर, लाकडाउन के चलते बिजली विभाग ने मीटर रीडिंग पर रोक लगा दी है। हालांकि वसूली के लिए पिछले महीनों की रीडिंग के आधार पर औसत बिल बनाकर भेजने की कार्रवाई कर दी है। एक्सईएन एससी शर्मा ने बताया कि उपभोक्ताओं के मोबाइल पर मैसेज के जरिए बिल भेजा रहा है। उन्हें आनलाइन भुगतान की सुविधा भी दी जा रही है। उपभोक्ता चाहे तो घर बैठे यूपीपीसीएल.ओआरजी.कॉम पर जाकर बिल जमा कर सकता है। इसे खोलने पर पहले प्रदेश और फिर वितरण खंड का नाम चुनना होगा। उसके बाद खाता संख्या लिखने से बिल जनरेट होकर आ जाएगा। जिसे आनलाइन ही विभिन्न भुगतान माध्यमों (पेटीएम, भीएम, फोन पे आदि) से भुगतान किया जा सकेगा।
भुगतान के लिए खोले गए हैं तीन काउंटर
एक्सईएन के मुताबिक, बिलिंग के लिए सिटी पावर हाउस, कब्बाखेड़ा व पीडी नगर उपकेंद्रों के सेंटर सुबह 8 बजे से 2 बजे तक खोले जाएंगे। उपभोक्ता चाहे तो सेंटरों पर जाकर भी बिल जमा कर सकता है। सेंटरों पर सैनिटाइजर की व्यवस्था की गई है। बिल जमा करने के लिए पहुंचने वाले उपभोक्ताओं का पहला हाथ सैनिटाइज कराया जाएगा। उसके बाद ही बिल जमा किया जाएगा।