उन्नाव। प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि की किस्त पांच अप्रैल से आने की उम्मीद लगाए अन्नदाताओं को अभी कुछ दिन और इंतजार करना पड़ सकता है। पिछले चार दिन से पीएम किसान का पोर्टल मेंटीनेंस के चलते बंद है। अधिकारी एक, दो दिन में किस्त आने की संभावना जता रहे हैं।
प्रधानमंत्री सम्मान निधि योजना के तहत पहले 2 हेक्टेअर यानि अधिकतम आठ बीघे खेती वाले किसानों को सालाना छह हजार रुपये देने की व्यवस्था की थी। सरकार ने हर चार माह में 2 हजार रुपये की किस्त किसान के खाते में भेजने की बात कही थी। इधर, 3.50 लाख किसानों के खातों में चारों किस्तें पहुंच चुकी हैं। हालांकि कोरोना के चलते इन किसानों को राहत देने के लिए 2 हजार की एक और किस्त देने की घोषणा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने की है। 5 अप्रैल से यह किस्त किसानों के खातों में पहुंचने की बात कही गई थी। हालांकि विभागीय पीएम पोर्टल में पिछले चार दिनों से मेंटीनेंस में चलने के कारण किस्त जारी नहीं हो सकी है। इससे किसानों को मायूसी ही हाथ लगी है। किसान किस्त के लिए बैंकों के चक्कर लगा रहे हैं। उपनिदेशक कृषि डा. नंदकिशोर ने बताया कि पहले 5 अप्रैल तक खातों में धनराशि पहुंचने की जानकारी दी गई थी लेकिन बीच में पीएम किसान का पोर्टल मेंटीनेंस के कारण बंद हो गया है। स्थानीय स्तर पर करीब 3.50 लाख किसानों की सूची भेजी जा चुकी है। जैसे ही पोर्टल शुरू होगा। किसानों के खातों में 2 हजार रुपये पहुंच जाएंगे।