उन्नाव। लॉकडाउन के दौरान घरों में रह रहे उपभोक्ताओं को बिजली बिल प्राप्त करने में आसानी हो इसके लिए विभाग ने मैसेज (एसएमएस) नंबर जारी किया है। इस नंबर पर मैसेज भेजकर उपभोक्ता अपना बिल प्राप्त कर सकता है। विभाग ने ऑनलाइन भुगतान की सुविधा भी दी है।
जिले में कुल बिजली उपभोक्ताओं की संख्या लगभग 3.90 लाख है। इसमें शहरी क्षेत्र के उपभोक्ता करीब 45 हजार हैं। बिजली विभाग इन उपभोक्ताओं को हर माह उनके घर पर बिल उपलब्ध कराता है। विभाग ने घरों में लगे विद्युत मीटरों की रीडिंग की जिम्मेदारी एक निजी एजेंसी को दे रखी है। एजेंसी के कर्मचारी घरों में जाकर मीटर से रीडिंग लेकर बिल जनरेट करते हैं और उपभोक्ताओं को देते हैं। इधर, कोरोना के कारण लागू लॉकडाउन के चलते बिजली विभाग ने मीटर रीडिंग पर रोक लगा दी है। हालांकि वसूली के लिए पिछले महीनों की रीडिंग के आधार पर औसत बिल बनाकर भेजने की कार्रवाई शुरू कर दी है।
एक्सईएन एससी शर्मा ने बताया कि उपभोक्ताओं के मोबाइल पर मैसेज के जरिए बिल भेजा रहा है। उन्हें ऑनलाइन भुगतान की सुविधा भी दी जा रही है। घर बैठे बिल प्राप्त करने के लिए उपभोक्ता को 5616195 पर एसएमएस करना होगा। कनेक्शनधारकों को मोबाइल के मैसेज बॉक्स में जाकर बिल लिखना होगा। उसके बाद स्पेस देकर बिल खाता संख्या (आईडी संख्या) लिखकर 5616195 पर भेजना होगा। मैसेज मिलते ही विभाग उसी नंबर पर उपभोक्ता को उसका बिल उपलब्ध कराएगा। इसके अलावा उपभोक्ता घर बैठे यूपीपीसीएल.ओआरजी.कॉम पर जाकर बिल जमा कर सकता है।
एक्सईएन के मुताबिक, बिलिंग के लिए सिटी पावर हाउस, कब्बाखेड़ा व पीडीनगर उपकेंद्रों के सेंटर सुबह 8 बजे से 2 बजे तक खोले जाएंगे। उपभोक्ता चाहे तो सेंटरों पर जाकर भी बिल जमा कर सकता है। सेंटरों पर सैनिटाइजर की व्यवस्था की गई है। बिल जमा करने के लिए पहुंचने वाले उपभोक्ताओं का पहले हाथ सैनिटाइज कराया जाएगा। उसके बाद ही बिल जमा किया जाएगा।