उन्नाव। खाड़ी देशों से वापस लौटे दो ब्लॉकाें के युवकों की जांच रिपोर्ट निगेटिव आने के बाद स्वास्थ्य विभाग ने राहत की सांस ली। मंगलवार रात दोनों को कोरोना वायरस के संदिग्ध लक्षण पर जिला अस्पताल के आइसोलेशन वार्ड में भर्ती कराया गया था। दोनों के सैंपल जांच के लिए भेजे गए थे। जिले में अब तक 6 सैंपल जांच के लिए भेजे जा चुके हैं। सभी की रिपोर्ट निगेटिव आई है।
औरास व पुरवा निवासी दो युवक एक सप्ताह पूर्व खाड़ी देश से वापस लौटे थे। दो दिन पहले दोनों की हालत बिगड़ने पर संक्रामक रोग प्रभारी ने दोनों को जिला अस्पताल के आइसोलेशन वार्ड में भर्ती कराया था और सैंपल जांच के लिए लखनऊ भेजा था। गुरुवार को दोनों युवकों की रिपोर्ट निगेटिव आई है। दोनों युवकों को अभी 24 घंटे निगरानी में रखा जाएगा। संक्रामक रोग प्रभारी डॉ. आरएस मिश्रा ने बताया कि गुरुवार को जिले में एक भी मरीज को आइसोलेट नहीं कराया गया है।
प्रशासन द्वारा हाल में ही तैयार की गई लिस्ट के अनुसार जिले में अब तक 405 लोग विदेशों से आए हैं। जबकि जिले के 2500 लोग विभिन्न देशों में काम या टूर के लिए गए थे। वापस लौटने वालों में छह लोगों की हालत बिगड़ने पर स्वास्थ्य परीक्षण कराने के बाद सैंपल की जांच कराई जा चुकी है।