उन्नाव। कोरोना वायरस के बढ़ते प्रकोप को देखते हुए आइसोलेशन वार्ड के बाद स्वास्थ्य विभाग ने जिले में अब क्वारंटीन वार्ड बनाने की तैयारी शुरू की है। पहले चरण में जिला अस्पताल की बर्न यूनिट व बिछिया सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में क्वारंटीन वार्ड बनेंगे। आपात स्थिति में आवश्यकता हुई तो लखनऊ-कानपुर हाईवे स्थित दो मेडिकल कालेजों में भी वार्ड बनाए जा सकते हैं।
कोरोना वायरस से पीड़ित मरीजों के संपर्क में आने वाले लोगों को 14 दिन तक स्वास्थ्य विभाग निगरानी में रखता है। ऐसे लोग अन्य लोगों को संक्रमित न करें इसके लिए उन्हें स्वास्थ्य विभाग विशेष तौर पर बनाए गए क्वारंटीन वार्ड में रखेगा। इसके लिए बिछिया सीएचसी में 30 बेड, जिला अस्पताल की बर्न यूनिट में 22 बेड व सरस्वती मेडिकल कालेज व श्रीरामूर्ति आशाखेड़ा में 30 बेड के क्वारंटीन वार्ड बनाए जा रहे हैं। इन अस्पतालों के स्टाफ को प्रशिक्षण दिलाया जा रहा है। उन्होंने बताया कि जिन लोगों को वेंटीलेटर सपोर्ट व आईसीयू की जरूरत नहीं है, ऐसे लोगों को इन वार्डों में रखा जाएगा। विशेषज्ञ चिकित्सक ऐसे मरीजों की 24 घंटे निगरानी करेंगे।