फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

लापता बिजली मैकेनिक का खंती में मिला शव

Thu, 25 Jun 2015 12:12 AM IST
ब्यूरो/अमर उजाला, उन्नाव
विज्ञापन
विज्ञापन
बीघापुर/उन्नाव। सोलर लाइट लगाने गया बिजली मैकेनिक मंगलवार की रात घर नहीं लौटा। बुधवार की सुबह उसका शव सड़क किनारे एक खंती में पड़ा मिला। सूचना पर पहुंचे मृतक के भाई से पुलिस ने सड़क हादसे में मौत की तहरीर लिखवाई और शव को पोस्टमार्टम भेजने की तैयारी करने लगी। पति की मौत की सूचना पर घटना स्थल पहुंची मृतक की पत्नी व अन्य परिजनों ने हत्या की आशंका जताते हुए पुलिस पर लीपापोती का आरोप लगाया।
विज्ञापन


आक्रोशित परिजनों और ग्रामीणों ने उन्नाव-रायबरेली मार्ग पर जाम लगा दिया। इसके बाद पुलिस ने पत्नी से दूसरी तहरीर ली। प्रभारी थानाध्यक्ष ने पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के आधार पर कार्रवाई का आश्वासन दिया। इसके बाद लोग शांत हुए और शव को पोस्टमार्टम के लिए ले जाने दिया।

बीघापुर थानाक्षेत्र के जंगलीखेड़ा गांव निवासी चंद्रकिशोर शर्मा (35) बीघापुर कसबा स्थित सूरज पटेल की सोलर लाइट व सोलर इंवर्टर की दुकान में काम करता था। मंगलवार शाम करीब चार बजे चंद्रकिशोर साथ काम करने वाले महाई गांव निवासी दीपक के साथ मेहरबान खेड़ा गांव निवासी सोनू पटेल के यहां सोलर इनवर्टर लगाने गया था। रात करीब दस बजे वह दोनों काम खत्म करके घर लौट रहे थे।
विज्ञापन


रास्ते में दीपक को उसके गांव में छोड़ने के बाद चंद्रकिशोर दादामऊ गांव में रहने वाले अपने किसी मित्र से मिलने की बात कहकर चला गया, लेकिन वह सुबह तक घर नहीं पहुंचा तो परिजनों को चिंता हुई। पत्नी सावित्री के मुताबिक उसने कई बार फोन मिलाया मगर फोन नहीं लगा। बुधवार सुबह उन्नाव-रायबरेली मार्ग पर लालकुआं के पास स्थित एक ढाबे के पीछे सड़क पर बाइक और एक खंती में शव पड़ा देखा गया। उसके शरीर में कई गंभीर चोट के निशान भी हैं। सूचना पर मृतक के परिजन और बीघापुर थाना पुलिस मौके पर पहुंच गई।

पुलिस ने मृतक के भाई नंदकिशोर से सड़क हादसे में मौत होने की तहरीर लेकर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजने की तैयारी कर ली। मृतक की पत्नी सावित्री और पिता शिवप्रताप ने हत्या का मुकदमा दर्ज किए जाने की मांग की तो पुलिस टालने का प्रयास करने लगी। घंटों नोकझोंक के बाद भी पुलिस ने नहीं सुनी और शव को गाड़ी में डालकर पोस्टमार्टम के लिए लेकर जाने लगी। इसके बाद परिजन और ग्रामीण सड़क पर बैठ गए और जाम लगा दिया। बात बिगड़ते देख पुुलिस ने पत्नी से दूसरी तहरीर लेकर प्रमाणित प्रति दी तब शव को पोस्टमार्टम के लिए जाने दिया। बीघापुुर थाने में तैनात एसआई हनुमान दुबे ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर कार्रवाई की जाएगी।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें