कोहरे के दौरान हेड लाइट जाकर सड़क से गुजरते वाहन। संवाद
- फोटो : UNNAO
उन्नाव। शहर में रात में हुई बूंदाबांदी से ठंड बढ़ गई। रात से लेकर सुबह तक घना कोहरा छाया रहा। हालांकि दोपहर में तेज धूप निकलने से ठंड का असर काफी कम हो गया। इससे लोगों को काफी राहत मिली।
गुरुवार रात से ही आसमान में बादल छा गए थे। रात 11 बजे बूंदाबांदी शुरू हो गई। शहर में बूंदाबांदी तो कुछ ग्रामीण इलाकों में हल्की बारिश भी हुई। तापमान में गिरावट आने से लोगों को ठंड बढ़ने का अहसास हुआ।
बूंदाबांदी के कुछ समय बाद कोहरा गिरने लगा। देररात दृश्यता काफी कम हो गई। इससे वाहन सवारों को आवागमन में दिक्कतों का सामना करना पड़ा। शुक्रवार सुबह भी कोहरे की चपेट में रही। 11 बजे तक कोहरे का असर रहा। इसके बाद धूप निकली। दोपहर में धूप तेज होने से लोगों को उस समय ठंड से काफी राहत मिली।
शाम को सूर्यास्त होते ही फिर से ठंड बढ़ गई। जिला कृषि अधिकारी कुलदीप मिश्रा ने बताया कि मौसम वैज्ञानिकों ने रविवार को बारिश होने के आसार जताए हैं। इसके बाद मौसम साफ होगा और कोहरे से निजात मिलेगी।