उन्नाव। शहर के मोहल्ला कब्बाखेड़ा स्थित नर्सिंगहोम में प्रसूता की मौत की घटना में गुरुवार दोपहर दो डॉक्टरों के पैनल से शव का पोस्टमार्टम कराया गया। पोस्टमार्टम रिपोर्ट ने मृतका के परिजनों की ओर से लगाए गए आरोपों पर मुहर लगाई है। रिपोर्ट के अनुसार महिला की मौत पोस्टमार्टम से 36 घंटे पहले हुई है। सीजर के दौरान अधिक रक्तस्राव से मौत की पुष्टि हुई है। कोतवाल के अनुसार मृतका के पति की तहरीर पर आरोपों की जांच के लिए सीएमओ को रिपोर्ट भेजी गई है। सीएमओ की जांच रिपोर्ट मिलने पर नर्सिंगहोम संचालक पर रिपोर्ट दर्ज की जाएगी।
सदर कोतवाली के अवस्थीखेड़ा गांव निवासी धर्मराज की 26 वर्षीय पत्नी सोमवती को 30 दिसंबर को प्रसव पीड़ा हुई। जिस पर उसके पति ने दोपहर 12 बजे शहर के मोहल्ला इंद्रा नगर स्थित एक नर्सिंगहोम में भर्ती कराया। यहां 7 बजे सीजर ऑपरेशन से जुड़वा बच्चों का जन्म हुआ। नर्सिंगहोम संचालक के अनुसार महिला के शरीर में खून की कमी थी। हालत गंभीर देख परिजनों से ब्लड लाने की बात कह उसका ऑपरेशन किया गया। रात 12 बजे तक परिजन खून का इंतजाम नहीं कर सके। हालत अधिक बिगड़ने पर उसे रात 12 बजे कानपुर के लिए रेफर कर दिया गया। परिजनों ने महिला को कानपुर न ले जाकर कब्बाखेड़ा स्थित नर्सिंगहोम में भर्ती कराया। पति धर्मराज के अनुसार यहां उससे 40 हजार रुपये जमा कराए गए।
बुधवार दोपहर तक उसे पत्नी से मिलने भी नहीं दिया गया। बुधवार दोपहर उससे 60 हजार रुपये और मांगे गए। लगातार रुपये की मांग किए जाने पर पति ने जमकर हंगामा किया। उसने आरोप लगाया था कि पत्नी को भर्ती कराने के बाद ही उसकी मौत हो गई थी। रुपये ऐंठने के लिए नर्सिंगहोम के डॉक्टरों ने मौत की जानकारी नहीं दी। पुलिस के हस्तक्षेप पर नर्सिंगहोम संचालक ने 60 हजार रुपये पति से जमा कराने के बाद महिला को जीवित बता दोपहर लगभग पौने तीन बजे रेफर किया। पति जिला अस्पताल ले गया, जहां डॉक्टरों ने महिला को मृत घोषित कर दिया था। गुरुवार दोपहर दो बजे दो डॉक्टरों के पैनल से शव का पोस्टमार्टम कराया गया। पोस्टमार्टम सूत्रों के अनुसार महिला की मौत लगभग 36 घंटे पहले हुई। अधिक खून बह जाने से मौत हुई है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट ने यह साफ किया है बुधवार को तीन बजे जिला अस्पताल ले जाने से कई घंटे पहले महिला की मौत हो चुकी थी।
कोतवाल दिनेश चंद्र मिश्र ने बताया कि मृतका के पति के आरोपों की जांच के लिए एक रिपोर्ट बनाकर सीएमओ को भेजी गई है। सीएमओ की जांच रिपोर्ट मिलते ही एफआइआर दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जाएगी।