उन्नाव/गंजमुरादाबाद। मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के तहत बुधवार को दो जगहों पर विवाह समारोह आयोजित किए जाएंगे। इसमें कुल 28 जोड़े विवाह बंधन में बंधेंगे। समाज कल्याण विभाग ने सारी व्यवस्थाएं पूरी होने का दावा किया है।
शहर के निराला प्रेक्षागृह में कुल 17 जोड़ों का विवाह कराया जाएगा। वहीं गंजमुरादाबाद क्षेत्र पंचायत कार्यालय के हितैषी सभागार में कुल 11 जोड़े परिणय सूत्र में बंधेंगे। इस वैवाहिक समारोह में मुख्य अतिथि भाजपा सांसद डा. साक्षी महाराज के अलावा जिला पंचायत अध्यक्ष संगीता सेंगर और बांगरमऊ विधायक श्रीकांत कटियार भी मौजूद रहेंगे।
जिला समाज कल्याण अधिकारी ज्ञानेंद्र भदौरिया ने बताया कि सामूहिक विवाह समारोह की सारी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। दो स्थानों पर विवाह समारोह आयोजित हाेंगे। शेष बचे 37 जोड़ों का विवाह 7 दिसंबर को अलग-अलग ब्लाकों में होगा। मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना में एक विवाह पर सरकार 51 हजार रुपये खर्च करेगी। इसमें 35 हजार रुपये कन्या के खाते में डाले जाएंगे। 10 हजार के कपड़े, पायल, बर्तन व वस्त्र दिया जाएगा। शेष 6 हजार रुपये पंडाल और खाने-पीने में खर्च होगा।