मुखिया की मौत से परिजन बदहवाश
मौरावां थाना क्षेत्र के जगतपुर मजरा गालिबपुर गांव निवासी करुणाशंकर (44) पुत्र कालीचरण लखनऊ में ईंट कारोबारी थे। बुधवार तड़के तीन बजे करीब व्यवसाय के सिलसिले में वह बाइक से लखनऊ जा रहे थे। मौरावां-गुरुबख्शगंज मार्ग पर अकोहरी चौराहा से करीब 800 मीटर दूर बाबा कुटी के सामने तेज रफ्तार ट्रक ने बाइक में टक्कर मार दी। करुणा शंकर उछलकर कई फीट दूर जा गिरे। घटनास्थल पर ही मौत हो गई। हादसे के वक्त वह हेलमेट नहीं पहने थे। सिर में गंभीर चोट आने से जान चली गई। हादसे के बाद ट्रक समेत चालक मौके से फरार हो गया। राहगीरों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम को भेजा और उसके परिवार के लोगों को घटना की जानकारी दी। मृतक की पत्नी चंद्रावती, बेटी मोनी व बेटा हादसे की सूचना मिलते ही मौके पर पहुंचे। रक्षाबंधन के एक दिन पहले घर के मुखिया की मौत से परिजन बदहवाश हो गए।
ओवरटेक करने में ट्रकों में हुई भिड़ंत, चालक गंभीर
दूसरी घटना अचलगंज थाना क्षेत्र के मुगुलपुर गांव के सामने हुई। पंजाब से टीनशेड लादकर उड़ीसा जा रहे ट्रक को बुधवार सुबह उन्नाव-रायबरेली मार्ग पर ओवरटेक की कोशिश में दूसरे ट्रक ने टक्कर मार दी। टक्कर लगने से ट्रक बेकाबू हो सड़क किनारे पेड़ से टकरा गया। हादसे में ट्रक चालक मंजीत सिंह (35) पुत्र मरंजन सिंह निवासी मियापुर जिला फतेशाह पंजाब स्टेयरिंग के बीच फंस गया। राहगीरों ने थाना पुलिस और 108 एंबुलेंस को घटना की जानकारी दी। काफी देर तक पुलिस के मौके पर न पहुंचने से एंबुलेंस चालक ने क्रेन बुला कर स्थानीय लोगों की मदद से घायल चालक मंजीत को बाहर निकाल कर जिला अस्पताल पहुंचाया। हालत नाजुक देख उसे कानपुर रेफर कर दिया गया। घटना के वक्त चालक मंजीत के साथ उसका भाई दिलेर सिंह भी था। जो घटना में बाल-बाल बच गया। घटनास्थल पर पुलिस के देरी से पहुंचने पर लोगों में खासा आक्रोश रहा।