कन्या विद्याधन योजना के तहत निराला प्रेक्षागृह में आयोजित कार्यक्रम में पांच सैकड़ा मेधावी छात्राओं को 30 हजार रुपये के चेक बांटे गए। चेक मिलते ही छात्राओं के चेहरे खिल उठे।
बतौर मुख्य अतिथि जिला पंचायत अध्यक्ष संगीता सेंगर, विशिष्ट अतिथि एमएलसी सुनील साजन ने कहा कि मुख्यमंत्री ने छात्राओं के भविष्य को देखते हुए महत्वपूर्ण योजना को शुरू किया है। इससे इंटर पास करने वाली छात्राआें की पढ़ाई बाधित नहीं होगी। जिलाध्यक्ष अनवार अहमद ने कहा कि छात्राओं को इस योजना से उनकी आगे की पढ़ाई में प्रोत्साहन मिलेगा। विधायक कुलदीप सिंह सेंगर ने कहा कि इस योजना से समाज के हर वर्ग की छात्राओं को लाभान्वित किया जा रहा है। विधायक उदयराज यादव ने कहा कि योजना का लाभ पाने वाली छात्राएं आगे चलकर प्रगाति के नए आयाम स्थापित करेंगी। संशोधित कन्या विद्याधन के लिए चयनित 668 मेधावी छात्राओं में 593 छात्राओं को तीस हजार रुपये के चेक बांटे गए। कार्यक्रम को सपा नेत्री मनीषा दीपक व प्रभा यादव ने भी संबोधित किया। डीएम सौम्या अग्रवाल व सीडीओ संजीव सिंह ने भी बच्चों का उत्साहवर्द्धन किया। इस दौरान एडीएम बीएन यादव, बीएसए दीवान सिंह यादव आदि मौजूद रहे। संचालन विनय दीक्षित ने किया।
फोटो संख्या: 17 यूएनओपी 04
परिचय- सोलर लाइटों के साथ कस्तूरबा की छात्राएं।
कस्तूरबा की 13 छात्राओं को सोलर लाइटें
जिले में संचालित कस्तूरबा गांधी आवासीय स्कूलों में कक्षा में प्रथम, द्वितीय व तृतीय स्थान लाने वाली छात्राओं को सोलर लालटेन का वितरण कर उन्हें प्रोत्साहित किया गया। जिले के तेरह कस्तूरबा में 117 मेधावी छात्राओं का चयन हुआ। इसमें 13 छात्राओं को सोलर लाइटें दी गईं। अन्य छात्राओं को स्कूल में ही वितरण किए जाने के निर्देश दिए गए। छात्राओं को सोलर लाइट देने का उद्देश्य उनकी पढ़ाई को और आगे बढ़ाना है।