दहीचौकी स्थित चर्म इकाई में मजदूर विश्राम की मौत पर रोते बिलखते परिजन।
- फोटो : UNNAO
सोनिक औद्योगिक क्षेत्र दही चौकी में एक चर्म इकाई में टिन शेड सफाई कर रहे मजदूर पर अचानक टिन शेड गिर गया। जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। फैक्टरी प्रबंधन ने उसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया, जहां इलाज के दौरान मौत हो गई।
पोस्टमार्टम के बाद परिजनों ने मुआवजे की मांग करते हुए शव को फैक्टरी गेट पर रखकर हंगामा किया। सिटी मजिस्ट्रेट और पुलिस की मौजूदगी में सदर विधायक के भाई ने फैक्टरी प्रबंधन से वार्ता की। 4.75 लाख रुपये मुआवजा और एक आश्रित को नौकरी के आश्वासन पर परिजन शांत होकर लौट गए।
अजगैन थाना क्षेत्र के बुटवल गांव निवासी विश्राम (32) पुत्र रामदीन दही चौकी स्थित एक चर्म इकाई में पिछले 15 साल से मजदूरी करता था। शुक्रवार सुबह फैक्टरी में सुपरवाइजर के कहने पर विश्राम टिन शेड पर चढ़कर सफाई कर रहा था। इसी दौरान टिन शेड टूटकर गिरने से वह नीचे आ गिरा और गंभीर रूप से घायल हो गया।
फैक्ट्री के लोगों ने उसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया। जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। सूचना पर पहुंचे परिजन शव देखकर बिलख उठे और मुआवजे को लेकर अस्पताल में ही हंगामा शुरू कर दिया। पुलिस ने मुआवजा दिलाने का भरोसा दिला उन्हें शांत कराया और शव पोस्टमार्टम को भेज दिया। पोस्टमार्टम के बाद परिजन शव लेकर फैक्टरी गेट पर पहुंचे और मुआवजे को लेकर फिर से हंगामा शुरू कर दिया।
सूचना पर दही चौकी पुलिस मौके पर पहुंच गई। स्थितियां बिगड़ती देख पुलिस ने उच्चाधिकारियों को सूचना दी। जिस पर सिटी मजिस्ट्रेट चंदन कुमार पटेल व सदर विधायक के भाई नीरज गुप्ता पहुंचे। उन्होंने फैक्टरी प्रबंधन से वार्ता की। फैक्टरी प्रबंधन ने 4.75 लाख का चेक और परिवार के एक सदस्य को नौकरी देने का वादा किया इसके बाद परिजन शव लेकर चले गए।