उन्नाव में जन्मदिन पार्टी में शामिल होकर घर लौट रहे बाइक सवार युवक को अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी। मरणासन्न हालत में उसे जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया। युवक ट्रेडर्स दुकान में ट्रैक्टर चलाता था। रविवार रात वह ट्रेडर्स व्यवसायी के नाती के जन्मदिन कार्यक्रम में शामिल होकर गेस्ट हाउस से घर लौट रहा था। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराया है।
सदर कोतवाली के बाबाखेड़ा गांव निवासी अमित (30) पुत्र स्व रमेश कुमार गंगाघाट के सहजनी स्थित मदन ट्रेडर्स के यहां ट्रैक्टर चलाता था। सोमवार को मदन के नाती का उन्नाव-शुक्लागंज मार्ग कुंदन रोड स्थित गेस्ट हाउस में जन्मदिन था। अमित भी बाइक से जन्म दिन कार्यक्रम में शामिल होने पहुंचा।
रात 12 बजे करीब वह कार्यक्रम से घर लौट रहा था। मगरवारा के पास अज्ञात वाहन ने उसकी बाइक को टक्कर मार दी। मरणासन्न हालत में राहगीरों ने उसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया। जहां डॉक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया। सूचना पर पहुंचे परिजन शव देख बदहवास हो गए। हादसे के वक्त हेलमेट नहीं लगाए था।