गुरुवार को सरस्वती विद्या मंदिर पूरन नगर में आयोजित ‘पुलिस की पाठशाला’ में बतौर मुख्य अतिथि पुलिस अधीक्षक नेहा पांडेय ने पुलिस की भूमिका, नागरिकों की जिम्मेदारी पर चर्चा करने के साथ ही कानूनों के पालन पर सीधा संवाद किया। छात्र-छात्राओं को बताया कि सोशल मीडिया पर पर्सनल डाटा कतई शेयर न करें। बताया कि आपत्तिजनक पोस्ट के साथ ही धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंचाने वाले किसी भी मैसेज को शेयर न करें। उन्होंने छात्राओं को 1090 की ताकत भी बताई। कहा कि किसी भी विपरीत परिस्थिति में 1090 हथियार है। तालियों की गड़गड़ाहट से पूरा हाल गूंज उठा। एसपी ने सभी को आसपास होने वाले अपराध की सूचना समय रहते पुलिस तक पहुंचाने और पीड़ित की मदद का संकल्प दिलाया। कार्यक्रम का संचालन मनीष सिंह सेंगर ने किया। छात्रों के संरक्षक की भूमिका में प्रधानाचार्य रामवीर सिंह सेंगर, निदेशक वेणुरंजन भदौरिया भी मौजूद रहे।
बेटियों को डरने की जरूरत नहीं, यूपी 100 जो है
सीओ सिटी डा. ह्रदयेश कठेरिया ने बेटियों के बीच फेसबुक, व्हाट्सएप के अलावा अन्य सोशल मीडिया एप को सतर्कता के साथ यूज करने की जानकारी दी। बेटियों के कुछ सवालों पर सीओ ने बड़े ही सहज अंदाज में शंकाओं का समाधान किया। उन्होंने आनलाइन लेनदेन में डेबिट कार्ड का कोड फिल करते समय सतर्क रहने की बात कही। बताया कि हैकर्स से बचने के लिए डेबिट कार्ड व एटीएम पिन को बदलते रहना चाहिए।
एक काल पर पहुंचेगी मित्र पुलिस
पाठशाला का हिस्सा बने शहर कोतवाल आईपी सिंह ने पुलिस व जनता के बीच के बेहतर समन्वय पर जोर दिया। कहा कि पुलिस, समाज के बीच की दूरी कम करने के लिए हर जरूरी प्रयास कर रही है। उन्होंने इसके लिए अमर उजाला को धन्यवाद भी दिया। छात्रों से अपील की अपराध नजर आने पर सीयूजी नंबर, व्हाट्सएप या 100 नंबर पर तत्काल सूचना दें।
आपत्तिजनक पोस्ट शेयर न करने की अपील
महिला थाना प्रभारी ममता सिंह चौहान ने मनचलों को सबक सिखाने के लिए बेटियों को 1090 पर शिकायत करने को जागरूक किया। साथ ही फेसबुक, इंस्टाग्राम आदि सोशल साइट्स पर पर्सनल डाटा किसी भी हाल में अपरिचित व्यक्ति से शेयर न करने की जानकारी दी। इसके अलावा व्हाट्सएप ग्रुप में एड होने पर एडमिन के बारे में पूर्ण जानकारी करने की बात कही।
बेटियां अब कमजोर नहीं.......
पुलिस महिला सेल प्रभारी स्नेहलता ने गोष्ठी में कहा कि बेटियां अब कमजोर नहीं है। सेना से लेकर अन्य महत्वपूर्ण विभागों का प्रतिनिधित्व कर समाज में मिशाल पेश कर रही हैं। कुछ उदाहरण देते हुए कार्यक्रम में मौजूद बेटियों को खुद में ताकतवर बनने का जज्बा भरा।
सोशल मीडिया का सजगता से करें प्रयोग
साइबर सेल इंचार्ज सविता श्रीवास्तव व शिशिर गुप्ता ने छात्रों से सोशल मीडिया के प्रयोग पर सतर्कता के बारे में महत्वपूर्ण टिप्स देने के साथ ही सजगता से प्रयोग करने की अपील की। साइबर क्राइम के बारे में जानकारी देने के साथ ही वूमेन पावर हेल्प लाइन व यूपी 100 के कुछ जरूरी जानकारियां साझा की।
ट्रैफिक नियमों का पालन करें, हेलमेट जरूर लगाएं
यात्री कर पंजीयन अधिकारी जीतेंद्र दीक्षित ने छात्रों को मार्ग दुर्घटनाओं और उनमें होने वाली असमय मौतों के आंकड़े बताते हुए कहा कि 90 फीसदी हादसों में यातायात नियमों का पालन न करना और सीट बेल्ट और हेलमेट न लगाने से हुई। उन्होंने छात्र-छात्राओं से सुरक्षित सफर के लिए ट्रैफिक नियमों का पालन करने की बात कही। उन्होंने छात्र व छात्राओं से बाइक व स्कूटी चलाते समय हेलमेट जरूर लगाने की अपील की। उन्होंने अमर उजाला द्वारा बाइक सवारों को हेलमेट प्रयोग करने के फोकस को भी सराहा।
कामेडियन लक्ष्य ने गुदगुदाया
पुलिस की पाठशाला में पहुंचे कामेडियन लक्ष्य निगम ने मोदी व मुलायम के शब्दों को अपनी जुबां में पिरोकर पेश किया तो भीड़ हंसी को रोक न सकी। वहीं वूमेन पावर हेल्प लाइन व यूपी 100 के फायदे गिना बेटियों को विपरीत परिस्थितियों में बेहिचक प्रयोग करने की अपील अपने अंदाज में कर भीड़ का आकर्षण चुराया।
इनसेट
हेल्पलाइन नंबर पर करें शिकायत
एसपी उन्नाव- 9454400312
कोतवाली सदर- 9454404368
वूमेन पावर हेल्प लाइन नंबर- 1090
किसी भी जानकारी को शेयर करें- यूपी 100 सेवा पर
इमरजेंसी एंबुलेंस सेवा- 108