उन्नाव। जलकल विभाग की लापरवाही के चलते इस बार भी लोगों के हलक सूखेंगे। गर्मी की दस्तक मिलते ही नगर पालिका क्षेत्र में जलापूर्ति को लेकर दिनोदिन स्थिति विकराल होती जा रही है।
शहर के मुस्लिम इलाकों में तो अभी से पानी नहीं पहुंच रहा है। पेयजल की इस विकराल होती समस्या को लेकर नगर पालिका प्रशासन ने अभी तक कोई ठोस कदम नहीं उठाए हैं। इसके चलते इस बार भी शहरवासी भीषण गर्मी में जलसंकट से जूझेंगे।
पालिका के जलकल विभाग के अधिकारियों की लापरवाही के चलते क्षेत्र के इंडिया मार्का हैंडपंप ठूंठ खड़े हैं। वहीं दो दर्जन से अधिक ट्यूबवेल व दर्जन भर ओवरहेड टैंक भी सिर्फ शोपीस ही बने हैं। किसी ओवरहेड टैंक में पानी नहीं चढ़ता तो कोई फूटी पड़ी है।
शहर के अधिकतर क्षेत्रों में पानी की सप्लाई सीधे ट्यूबवेलों के जरिए की जा रही है। हालांकि विभागीय अधिकारी क्षेत्र में सौ प्रतिशत पानी की सप्लाई के दावे कर रहे हैं लेकिन धरातल पर स्थिति कुछ और ही है।
मोहल्ला किला, एबी नगर, कचौड़ी गली, बड़ा चौराहा के आसपास के दर्जनों मोहल्लों में कई-कई दिनों तक पानी की सप्लाई नहीं हो पाती है। इससे इन क्षेत्रों में पानी की गंभीर समस्या बनी रहती है। इन क्षेत्रों पर लगे स्टैंड पोस्टों पर अक्सर पानी के लिए मारामारी देखी जाती है। महिलाएं व बच्चे पानी आने के लिए तय समय से कई घंटे पहले से ही लाइन में लगकर पानी की एक बाल्टी की जुगत कर पाते हैं।