हिंदू संगठनों के विरोध के चलते प्रेमी जोड़ों ने चोरी-छिपे प्यार का इजहार किया। विरोध को देखते हुए पुलिस भी सतर्क रही। निराला पार्क व पक्षी विहार के बाहर भारी संख्या में पुलिस बल तैनात रहा।
शनिवार को प्रेमियों ने अपनी प्रेमिकाओं को गुलाब का फूल देकर प्यार का इजहार किया। इसके साथ ही गिफ्ट का आदान-प्रदान हुआ।
प्रेमियों ने अपनी वैलेंटाइन को बुके, रिस्ट वॉच, क्रिस्टल शोपीस, अंगूठी आदि वस्तुएं भेंट की। हालांकि हिंदू संगठनों के विरोध को देखते हुए जोड़े चोरी छिपे कैफों, रेलवे स्टेशन व अन्य स्थानों पर मिलकर प्यार का इजहार करने से नहीं चूके। उन्नाव जंक्शन और निराला पार्क में प्रेमी जोड़े एक-दूसरे का हाथ थामे टहलते देखे गए।
पक्षी विहार में भी जोड़ों की खासी भीड़ रही। शहर में विरोध को देखते हुए कई प्रेमी जोड़े लांग ड्राइव पर निकल गए। एकान्त व ग्रामीण इलाकों में जाकर अपने प्यार का इजहार किया।
निराला पार्क के बाहर पुलिस की मौजूदगी के चलते प्रेमी जोड़े अंदर जाने की हिम्मत न जुटा सके। पुलिस अधिकारियोें ने कई बार पार्क के अंदर जाकर चेकिंग और गश्त की। पूरे दिन पार्क के बाहर पुलिस तैनात रही।