फोटो-15
परिचय- एएलवाई मैनपुरिया इंटर कॉलेज में लटकता ताला।
शिक्षक और छात्र की मौत के बाद स्कूल में लटका ताला
छात्रों की पढ़ाई प्रभावित, अभिभावक बोले कटवाएंगे बच्चों के नाम
घटना की जांच करने गए विवेचक को भी नहीं मिला कोई स्टॉफ
संवाद न्यूज एजेंसी
हसनगंज। गणेश प्रतिमा विसर्जन के दौरान सई नदी में गहरे पानी में जाने से छात्र और शिक्षक की डूबने से हुई मौत के बाद से स्कूल में ताला बंद है। ऐसा इसलिए कि प्रधानाचार्या को भी प्रबंधक ने स्कूल से निकाल दिया है। उधर स्कूल न खुलने से छात्रों का भविष्य पर भी संकट मंडरा रहा है। अभिभावक इससे नाराज हैं। उन्होंने अपने बच्चों का नाम कटवाकर दूसरे स्कूल में दाखिला कराने की बात कही है।
मोहान नगर पंचायत के एएलवाई मैनपुरिया इंटर कॉलेज में गणेश पूजन के बाद शनिवार को सई नदी में गणेश प्रतिमा विसर्जन के दौरान लखनऊ के थाना सरोसा के पारा निवासी शिक्षक अभिषेक सोनी(27) और कक्षा 12 के छात्र हरदोई जिले के थाना मल्लावां के गांव भूलभवानीपुर निवासी छात्र जयवीर यादव(16) की डूबकर मौत हो गई थी।
घटना में मृतक छात्र के पिता रामधार और शिक्षक के पिता पप्पू सेठ ने स्कूल प्रबंधक हरिप्रकाश यादव और उपासना के खिलाफ गैर इरादतन हत्या की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। घटना के बाद प्रबंधक ने प्रधानाचार्या को स्कूल से निकाल दिया है। अब स्कूल में ताला लटक रहा है। हॉस्टल में रहने वाले छात्र और स्टॉफ को भी घर भेजा गया है।
सोमवार को विवेचक सियाराम राजपूत स्कूल जांच करने पहुंचे तो उन्हें विद्यालय में ताला लटकता मिला। इससे वह लौट आए। उन्होंने बताया कि आसपास पता किया गया तो जानकारी हुई कि घटना के बाद छात्र और स्टॉफ को छुट्टी दे दी गई है। इससे किसी से पूछताछ नहीं हो पाई।