चालक के हाथ-पैर बांधकर सड़क किनारे खंती में फेंका, बुधवार सुबह पुलिस को पता चला
जांच में जुटी पुलिस ने देर शाम तक गड़सर गांव से 150 टिन रिफाइंड तेल किया बरामद
संवाद न्यूज एजेंसी
अचलगंज। कार सवार बदमाशों ने मंगलवार रात 10 बजे तमंचे के बल पर लोडर चालक को रोककर 200 टिन रिफाइंड तेल लूट लिया। चालक के हाथ-पैर बांधकर सड़क किनारे खंती में फेंक दिया। बुधवार सुबह लोगों ने पुलिस को घटना की जानकारी दी। लोडर चालक से पूछताछ के बाद बुधवार देर शाम गड़सर गांव में एक घर से रिफाइंड तेल के 150 टिन बरामद भी कर लिए।
मौरावां थानाक्षेत्र के जेरा नौबस्ता गांव निवासी हरिशंकर ने बताया कि मंगलवार शाम वह लोडर में कानपुर के रनिया से दो सौ टिन रिफाइंड लेकर रायबरेली के सलोन जाने के लिए निकला था। उसने बताया कि रात दस बजे अचलगंज रेलवे क्रॉसिंग से कुछ दूरी पर एक काली कार ने ओवरटेक कर लोडर को रोक लिया। वह कुछ समझ पाता तब तक कार सवारों ने उसे गन प्वाइंट पर लेकर नीचे उतारा। हाथ-पैर बांधने के बाद आंखों पर पट्टी बांधी और उसे कार में डाल दिया। बताया कि करीब एक घंटे तक कार इधर उधर चलती रही और फिर उसे खंती में फेंककर चले गए। बुधवार सुबह उधर से गुजर रहे राहगीरों को आवाज देकर उसने खुद को बंधन मुक्त कराया और फैक्टरी मालिकाें को सूचना दी, वह मौके पर पहुंचे। इसके बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू की। पीड़ित लोडर चालक के बताए अनुसार पुलिस ने पुरवा रोड पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू की। शाम को पुलिस ने गड़सर में छापेमारी करते हुए एक घर से डेढ़ सौ टिन रिफाइंड बरामद किया है। गृह स्वामी के मुताबिक मंगलवार रात करीब 12 बजे सुपासी निवासी एक युवक उसके घर आया था। उसने गाड़ी खराब होने का हवाला देकर टिन घर में रख लेने और सुबह उठा लेने की बात कही थी।
थानाध्यक्ष बृजेश कुमार शुक्ल ने बताया कि मामला संदिग्ध प्रतीत हो रहा है। हर पहलू पर जांच की जा रही है। जल्द ही घटना का खुलासा किया जाएगा।