उन्नाव। कुलदीप सिंह सेंगर की विधायकी जाने के बाद बांगरमऊ में उपचुनाव होने की तैयारियां शुरू हो गई हैं। चुनाव आयोग ने अधिकारियों को पत्र भेजकर वोटर लिस्ट आदि अपडेट करने का निर्देश दिया है। आयोग का पत्र मिलते ही अफसर भी उपचुनाव को लेकर तैयारियाें में जुट गए हैं।
जनपद की बांगरमऊ विधानसभा सीट से भाजपा के विधायक रहे कुलदीप सेंगर पर गांव में ही रहने वाली ने दुष्कर्म का आरोप लगाया था। मुकदमे की जांच सीबीआई ने की और हाईकोर्ट से मुकदमा दिल्ली की तीस हजारी कोर्ट में ट्रांसफर होने के बाद वहीं सुनवाई हुई थी। कुलदीप सेंगर पर किशोरी से दुष्कर्म का आरोप साबित होने पर 20 दिसंबर 2019 को न्यायाधीश ने उन्हें आजीवन कारावास की सजा सुनाई थी। उम्रकैद की सजा होने के बाद 25 फरवरी को उत्तर प्रदेश विधानसभा सचिवालय के प्रमुख सचिव प्रदीप कुमार दुबे ने विधानसभा की सदस्यता समाप्त होने की अधिसूचना जारी कर कुलदीप सेंगर की विधानसभा सदस्यता रद्द कर दी थी। अब चुनाव आयोग ने इस रिक्त सीट पर उपचुनाव कराने की तैयारी शुरू की है। आयोग ने प्रशासन को पत्र भेजकर उपचुनाव के लिए वोटर लिस्ट आदि अपडेट करने का आदेश दिया है।
सहायक निर्वाचन अधिकारी शकुंतला चौहान ने आयोग से वोटर लिस्ट अपडेट करने का आदेश मिलने की पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि पत्र आया है। जिसमें उपचुनाव के लिए तैयारियां कर लेने का आदेश दिया गया है। इसमें अभी तक आए नए वोटरों के फार्म को शामिल करके वोटर लिस्ट को अपडेट करने को कहा गया है। पत्र के अनुसार तैयारियां शुरू कर दी गई हैं। जल्द ही वोटर लिस्ट अपडेट करके सूचना आयोग को भेज दी जाएगी।