उन्नाव। कोविड एलवन अस्पताल में भर्ती मरीजों के ठीक होने पर अब उन्हें घर जाने के लिए एंबुलेंस नहीं मिलेगी। उन्हें निजी साधन से अपने घर जाना होगा। इससे औरास व बिछिया कोविड अस्पताल में भर्ती किए जाने वाले लोगों को परेशानी हो सकती है।
जिले के औरास व बिछिया मेें बनाए गए कोविड एल वन अस्पताल में भर्ती होने वाले कोरोना संक्रमितों को लाने व घर पहुंचाने के लिए 108 व एडवांस लाइफ सपोर्ट एंबुलेंस की सुविधा मिल रही थी। लेकिन अब मिशन निदेशक चिकित्सा एवं स्वास्थ्य ने पत्र जारी कर निर्देश दिए हैं कि कोरोना संक्रमितों को घर भेजने के लिए एंबुलेंस नहीं उपलब्ध कराई जाएगी। सीएमओ कैप्टन डॉ. आशुतोष कुमार ने बताया कि शासन के निर्देश का पालन किया जाएगा। एलवन अस्पताल के प्रभारियों को नए आदेश से अवगत करा दिया गया है।