उन्नाव। विकासखंड मियागंज के जहांगीरनगर के ग्रामीणों ने कोटेदार पर राशन ब्लैक करने का आरोप लगाते हुए डीएम को पत्र दिया है। डीएम ने मामले की जांच के आदेश दिए हैं।
गांव के परमेश्वर, घनश्याम, विजय, रमेश, सुधीर, शिवशंकर, नरेश, पंकज, रीता देवी ने डीएम को दिए पत्र में बताया कि कोटेदार ने एपीएल को अनाज का वितरण नहीं किया है। बीपीएल व अंत्योदयकार्डधारकों को भी कम राशन देता है। लगातार घटतौली और पैसे ज्यादा लेने का काम चल रहा है।
ग्रामीणों ने बताया कि पूर्व में भी कई बार इसकी शिकायत की लेकिन कोई सुनवाई नहीं हुई। जब कोटेदार से कम राशन व घटतौली की शिकायत करो तो वह मारपीट व गाली-गलौज पर उतारू हो जाता है। साथ ही राशन देने से मना कर देता है। ग्रामीणों ने डीएम से कोटेदार राजबहादुर के खिलाफ जांच कराकर कार्रवाई किए जाने की मांग की है।