अचलगंज (उन्नाव)। शादी समारोह के दौरान हुई अधजले पटाखों को छोड़ने की लापरवाही ने एक मासूम की जान ले ली, जबकि उसका चचेरा भाई घायल हो गया। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और गांव में जांच पड़ताल करवाई।
अचलगंज थानाक्षेत्र के टिकौली गांव निवासी बराती लाल के घर से करीब दो सौ मीटर की दूरी पर बारातशाला है। पिछले दिनों बारात रुकने पर जमकर आतिशबाजी हुई। इस दौरान अधजले पटाखों को वहीं छोड़ दिया गया। बराती लाल का बेटा करन (10) और भतीजे सत्येंद्र (13) पुत्र राजेश रावत बारात जाने के बाद अधजले पटाखों को बटोर लाए। इन पटाखों में कई अधजले सुतली बम भी थे।
गुरुवार सुबह दोनों बच्चे अधजले पटाखों को एक साथ जलाने लगे। इस दौरान हुए विस्फोट में करन और सत्येंद्र घायल हो गए। विस्फोट इतना तेज था कि आसपास रखी ईंट छिटक गई। धमाके की आवाज सुन आसपास के लोग जुट गए। लहुलूहान दोनों बच्चों को जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां चिकित्सक ने करन को मृत घोषित कर दिया जबकि सत्येंद्र का इलाज चल रहा है।
अपर पुलिस अधीक्षक रामकिशुन यादव, सीओ गोपीनाथ सोनी जिला अस्पताल पहुंचे और परिजनों से घटना की जानकारी ली। इसके बाद एएसपी ने घटना स्थल का निरीक्षण किया। इस दौरान ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि सूचना देने के बाद भी एंबुलेंस मौके पर नहीं पहुंची। एएसपी ने बताया कि काफी छानबीन की गई है। उनके मुताबिक सिर्फ दो ही बच्चे हादसे का शिकार हुए जिनमें एक की मौत हो गई और एक घायल है।