असोहा में मृतक धर्मराज का फाइल फोटो।
- फोटो : UNNAO
असोहा (उन्नाव)। रामपुर गांव निवासी भट्ठा मजदूर का शव शुक्रवार को तालाब में मिला। हत्या करके शव को मछली पकड़ने वाले जाल में ईंटों के साथ लपेटकर तालाब में दबाया गया था। बुधवार से लापता हुए मजदूर की परिजन तलाश कर रहे थे। पुलिस की जांच में कनपटी के दाहिनी ओर गहरा घाव होने से गोली मारकर हत्या करने की आशंका जताई जा रही है। बड़े भाई ने मृतक की पत्नी और गांव के उसके नजदीकी युवक पर हत्या का शक जताते हुए रिपोर्ट दर्ज कराई है। एसपी, एएसपी व सीओ ने मौके की पड़ताल की। नामजद आरोपियों को हिरासत में लेकर पुलिस ने पूछताछ शुरू की है।
असोहा थाना क्षेत्र के रामपुर गांव निवासी धर्मराज (35) पुत्र जियालाल 21 अगस्त को शाम करीब 8 बजे 13 वर्षीय बेटी नेहा से गांव निवासी लवराज के घर जाने की बात कह निकला था। कालूखेड़ा स्थित एक होटल पर उसने लवराज के साथ खाना खाया और घर को निकल पड़ा। लवराज तो घर पहुंच गया लेकिन धर्मराज घर नहीं पहुंचा। देर रात तक उसके घर न पहुंचने पर बेटी नेहा ने मौरावां के करदहा गांव मायके गई मां श्रीदेवी को फोन करके पिता के लापता होने की जानकारी दी। गुरुवार सुबह श्रीदेवी घर पहुंची और परिवार के अन्य लोगों के साथ पति की तलाश शुरू की। उधर धर्मराज की मां नन्हकई ने गुरुवार को ही बहू श्रीदेवी और गांव में ही रहने वाले धर्मराज के साथी लवराज पर धर्मराज को गायब करने का शक पुलिस को जताया। शक के आधार पर पुलिस ने दोनों से पूछताछ की हालांकि वह दोनों जानकारी से इन्कार करते रहे।
शुक्रवार को धर्मराज की खोजबीन कर रहे गांव के लोग उसके घर से करीब एक किमी दूर कालूखेड़ा की ओर तालाब के किनारे पहुंचे। यहां ग्रामीणों को बीयर की कुछ खाली बोतल, नमकीन के पैकेट, डिस्पोजल गिलास और कीटनाशक की एक शीशी मिली। संदेह होने पर ग्रामीणों ने प्रधान अश्वनी मिश्र को बताया। प्रधान की सूचना पर पहुंची पुलिस ने जांच के बाद ग्रामीणों की मदद से तालाब में खोजबीन कराई तो मछली पकड़ने वाले जाल में बंधा शव मिला। जाल में कई ईंटें भी बांधी गई थीं। तालाब में पानी के भीतर लकड़ी का खूंटा गाड़कर शव को रस्सी से बांधा गया था। तफ्तीश के दौरान पुलिस ने गोली मारकर हत्या किए जाने की आशंका जताई है। खाल निकल जाने से ग्रामीणों ने पहचान छिपाने के लिए केमिकल डालने का भी अंदेशा जताया। घटना की सूचना पर एसपी एमपी वर्मा, एएसपी विनोद पांडेय, सीओ एमपी शर्मा ने मौके पर जांच की। मृतक के बड़े भाई भगवानबक्स ने धर्मराज की पत्नी श्रीदेवी और लवराज के खिलाफ हत्या की रिपोर्ट दर्ज कराई है। पुलिस दोनाें को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है। सीओ एमपी शर्मा ने शराब में जहर देकर हत्या करने की आशंका जताते हुए पोस्टमार्टम रिपोर्ट में सच सामने आने की बात कही है।