शराब पिलाने के बहाने गुरुवार रात युवक को घर से ले जाकर उसके ही साथियों ने पत्थर से चेहरा कूंचकर उसकी हत्या कर दी। शुक्रवार सुबह घर से दो किलोमीटर की दूरी पर युवक का खून से लथपथ शव मिला। इस बीच गांव से भागने का प्रयास कर रहे दो आरोपियों को ग्रामीणों ने दबोच लिया। पुलिस ने आरोपियों को हिरासत में लेकर शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
बांगरमऊ कोतवाली क्षेत्र के मड़ियनपुरवा निवासी बबलू (25) पुत्र मूलचंद्र रैदास केरल में गमला बनाने का काम करता था। होली की छुट्टियों पर तीन दिन पूर्व वह गांव आया था। बबलू के भाई अन्नू ने बताया कि गुरुवार रात गांव में रहने वाले भगवती, श्यामू, संजय व रामबिलास बबलू को शराब पिलाने की बात कह घर से लिवा ले गए थे। देर रात तक बबलू जब नहीं लौटा तो उन्होंने उसकी खोज शुरू की। बबलू की जानकारी के लिए जब वह भगवती व श्यामू के घर पहुंचे तो वह गायब मिले। इस पर उन्होंने दोनों की तलाश शुरू कर दी। तभी ग्रामीणों ने दोनों युवकों को गांव के बाहर पकड़ लिया। इस बीच परिजनों को सूचना मिली कि गांव से दो किलोमीटर दूर बांगरमऊ बिल्हौर मार्ग पर भुड्डा चौराहा के निकट खेत में बबलू का शव पड़ा है। सूचना पर जब परिजन मौके पर पहुंचे तो बबलू का शव पड़ा देखा। शव के निकट ही एक भारी पत्थर भी पड़ा हुआ था। परिजनों की सूचना पर पहुंचे सीओ अंबरीश भदौरिया व बांगरमऊ कोतवाली प्रभारी अरविंद सिंह ने घटनास्थल की जांच की। उन्होंने बताया कि दो युवकों को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया है। शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। अन्नू की तहरीर पर हत्या का मुकदमा दर्ज कर लिया गया है।
मृतक के खिलाफ दी गई थी छेड़छाड़ की तहरीर
पुलिस बबलू की मौत को प्रेम प्रसंग से भी जोड़कर देख रही है। शुक्रवार सुबह ही बांगरमऊ कोतवाली पुलिस को मृतक बबलू के खिलाफ छेड़छाड़ के आरोप में गांव की एक युवती ने तहरीर दी थी। पुलिस जब तक जांच शुरू करती तब तक उसे बबलू की हत्या की खबर मिली। पुलिस का मानना है कि हत्या के पीछे प्रेम प्रसंग का भी कारण हो सकता है।