पुरवा तहसील क्षेत्र के अंतर्गत शारदा नहर की पुरवा ब्रांच से निकली पैंथर माइनर बीते बुधवार की रात सुर्जापुर गांव के मजरे रतावर के पास कट गई थी। गुरुवार सुबह खेतों में पानी भरा देख ग्रामीणों को इसकी जानकारी हुई। इसके बाद ग्रामीणों ने खांधी बाँधने का प्रयास किया लेकिन सफलता नहीं मिली। लोगों ने इसकी शिकायत तहसील प्रशासन के साथ-साथ सिंचाई विभाग से भी की। चार दिन बाद भी विभागीय अधिकारियों ने मौके पर जाना उचित नहीं समझा। शनिवार को लेखपाल शशिबिंदु व सिंचाई विभाग के रनर रोहित ने मौके पर पहुंचकर बच्चों से खांदी बंधवाने का प्रयास किया, लेकिन सफलता नहीं मिल सकी। लगातार चार दिनों से खांदी कटी होने से पानी गांव व घरों में घुसने लगा है। पानी भरने से ग्रामीणों को अब गांव से निकला तक मुश्किल हो रहा है।
ग्रामीणों में रोष, एसडीएम दे रहे आश्वासन
समस्या का समाधान न होने से ग्रामीणों में रोष है। खांदी कटने से गांव के शीतला मिश्रा, सुरेंद्र शुक्ला, रामकुमार, गंगासेवक, सुरेश, विजय, अरविंद, संतोष, राकेश सहित अन्य किसानों की करीब 80 बीघा फसल जलमग्न हो गई है। इस बारे में एसडीएम राजमुनि यादव ने कहा कि मामला संज्ञान में है। सिंचाई विभाग के कर्मचारियों को खांदी बांधने के लिए निर्देशित कर दिया गया है।