पुरवा। नगर के मोहल्ला शीतलगंज स्थित पक्का तालाब पर आयोजित दो दिवसीय दंगल के दूसरे दिन पहलवानों ने दमखम दिखाया। आखिरी कुश्ती में काली हरियाणा व सुल्तान कानपुर के बीच हुई। इसमें काली ने सुल्तान को हराकर 5100 रुपये की कुश्ती जीती।
राघवेंद्र सामाजिक एवं सांस्कृतिक समिति के तत्वावधान में आयोजित दंगल प्रतियोगिता शुक्रवार को दूसरे दिन शुभारंभ पूर्व विधायक उदयराज यादव ने हनुमान जी के चित्र के सामने दीप प्रज्वलित कर किया। इसके बाद उन्होंने पहलवानों का हाथ मिलवाकर कुश्ती शुरू कराई।
पहली कुश्ती निजाम बदरका और अंकित पल्टीखेड़ा के बीच हुई, जिसमें निजाम विजयी रहे। घनश्याम जालौन और अनीस बदरका के मुकाबले में अनीस ने जीत दर्ज की। छोटू कानपुर ने नितिन फतेहपुर को हराया। पूनम इटावा ने आकांक्षा लखनऊ को मात दी, जबकि खुशी पाल ने अंजलि हरियाणा को पराजित किया। मनीष कानपुर और विशाल राजस्थान के बीच हुए मुकाबले में विशाल विजयी रहे।
आखिरी मुकाबला काली हरियाणा और सुल्तान कानपुर के बीच जोरदार मुकाबला हुआ। दोनों पहलवानों ने काफी देर तक दांव-पेच दिखाए। अंत में काली हरियाणा ने जीत हासिल की। दंगल कमेटी की ओर से विजेता पहलवानों को पुरस्कृत किया गया। इस दौरान संजय अवस्थी, शिवम शुक्ला, नीरज मिश्रा, सुरेंद्र पटेल समेत अन्य लोग मौजूद रहे। दंगल के समापन पर आयोजक सतीश कुशवाहा, दिवाकर शुक्ला और सुधीर बाजपेयी ने सभी का आभार जताया।