ढाबा संचालक को नोटिस देते ट्रैफिक कर्मी।
- फोटो : अमर उजाला
हाईवे जाम की समस्या से जूझ रहे लोगों को निजात दिलाने के लिए एसपी ने ढाबा संचालकों पर नकेल कसी है। एसपी के निर्देश पर यातायात प्रभारी ने गदनखेड़ा बाईपास से गहरा के बीच सभी ढाबों पर चेकिंग अभियान चलाया। जिन ढाबों के सामने ट्रक खड़े मिले, उन्हें नोटिस पकड़ाने के साथ ही जुर्माना वसूला गया। पुलिस की इस कार्रवाई से ढाबा मालिकों में हड़कंप मचा रहा।
लखनऊ-कानपुर राजमार्ग अक्सर जाम की चपेट में रहता है। जाम की समस्या से छुटकारा पाने के लिए एसपी नेहा पांडेय ने इसकी मानीटरिंग की। पता चला कि ढाबों पर ट्रक खड़े होने से अक्सर जाम के हालात पनपते हैं। एसपी ने यातायात प्रभारी जेएन सिंह से ढाबों की जांच कर दोषी संचालकों से जुर्माना वसूलने और उन्हें नोटिस देने के निर्देश दिए।
रविवार को यातायात कर्मियों ने ढाबों पर जांच की। इस दौरान हाईवे पर गदनखेड़ा स्थित अन्नपूर्णा ढाबा, संसार ढाबा, नरी स्थित जनता ढाबा, सीमा ढाबा, दुर्गा ढाबा, एवन, आकाश लाइन, शुक्ला ढाबा के पास सड़क पर वाहन खड़े मिले। ट्रैफिक कर्मियों की ओर से होटल मालिकों से दो हजार रुपये जुर्माना वसूला गया। ट्रैफिक प्रभारी ने सभी को हिदायत दी कि यदि ढाबों के सामने ट्रकों से जाम लगा तो रिपोर्ट दर्ज कर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।