जिला अस्पताल-गदनखेड़ा मार्ग पर जाम लगाए लोगों को समझाते एसडीएम। संवाद
उन्नाव। शहर के इंद्रानगर मोहल्ले में तीन दिन की बारिश से घुटनों तक जलभराव हो गया। जलनिकासी की उचित व्यवस्था न होने से लोगों के घरों में गंदा पानी घुस गया। इससे आक्रोशित लोगों ने रविवार शाम करीब पांच बजे जिला अस्पताल-गदनखेड़ा मार्ग पर जाम लगा दिया।
लोगों ने नगर पालिका अधिकारियों के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। सूचना मिलने पर सदर विधायक पंकज गुप्ता और एसडीएम सदर राजेश विश्वकर्मा मौके पर पहुंचे। उन्होंने लोगों से बातचीत की और उनकी समस्याएं सुनीं। लोगों ने बताया कि ईओ के सरकारी नंबर पर कई बार फोन करने पर भी कोई जवाब नहीं मिला। लोगों ने इसकी सूचना नगर पालिका प्रशासन को दी थी। लेकिन पालिका के जिम्मेदारों ने समस्या पर कोई ध्यान नहीं दिया। इससे लोगों का आक्रोश बढ़ता गया और रविवार शाम करीब पांच बजे एकजुट होकर गदनखेड़ा मार्ग पर पहुंचे और वाहनों को रोककर जाम लगा दिया। लोगों ने पालिका अधिकारियों के खिलाफ नारेबाजी शुरू कर दी। विधायक और एसडीएम ने खुद मोहल्ले में जाकर जलभराव की स्थिति देखी। उन्होंने सोमवार को दो पंप सेट लगवाकर पानी निकलवाने का आश्वासन दिया। इसके बाद लोग शांत हुए और करीब आधे घंटे बाद जाम खोला। इस दौरान कोतवाली प्रभारी चंद्रकांत मिश्रा और अस्पताल चौकी प्रभारी अंजनी सिंह भी पुलिस बल के साथ मौजूद रहे।
लोन व सई नदी का पानी बढ़ा, फसलें जलमग्न
फतेहपुर चौरासी/पाटन/औरास। फतेहपुर चौरासी में खड़ेहरा नाला उफन गया, जिससे फतेहपुर चौरासी-सूसूमऊ मार्ग पर पानी भर गया। सैकड़ों बीघा धान, मक्का व तिल्ली की फसलें डूब गईं। विनोद मिश्रा, राधेश्याम बाजपेयी, महेश द्विवेदी, मुनन्ने शुक्ला, शांतिमोहन तिवारी, चंद्रभूषण तिवारी और सुंदर यादव की फसलें प्रभावित हुईं। कस्बे के इंदिरानगर, गांधीनगर व नेहरुनगर मोहल्लों में घरों के पास पानी पहुंच गया। लोन नदी का जलस्तर बढ़ने से पोरई गांव में सड़क मार्ग पर पानी बहने लगा। फूलमति मंदिर परिसर भी जलमग्न हो गया। उधर, सई नदी का जलस्तर बढ़ने से लोधाटिकुर, पंचमखेड़ा, मिर्जापुर, अजिगांव नई बस्ती आदि गांवों में हजारों बीघा धान की फसलें जलमग्न हो गईं। कबरोई-पूराचांद मार्ग पर धानमऊ छरेहटी गांव के पास आवागमन बाधित हुआ। संवाद
जिला अस्पताल-गदनखेड़ा मार्ग पर जाम लगाए लोगों को समझाते एसडीएम। संवाद
जिला अस्पताल-गदनखेड़ा मार्ग पर जाम लगाए लोगों को समझाते एसडीएम। संवाद