आईपीएल मैच में वीवीआईपी के आने की संभावना और उनकी सुरक्षा को देखते हुए प्रशासन ने कानपुर-लखनऊ का रूट डायवर्ट किया है। ये डायवर्जन मैच शुरू होने के चार घंटे पहले यानि शाम चार बजे से शुरू हो जाएगा। जो मैच खत्म होने के दो घंटे तक लागू रहेगा। शुक्लागंज के नए व पुराने पुल से वाहन कानपुर की ओर नहीं जा सकेंगे। उधर, मैच को लेकर जिले में अलर्ट घोषित किया गया है। मंगलवार को पुलिस ने जगह-जगह चेकिंग की। होटल-ढाबों से लेकर रेलवे व बस स्टेशन तक में सघन चेकिंग अभियान चलाया गया। बीते दिनों जिले में आतंकी कनेक्शन सामने आने के बाद पुलिस ज्यादा चौकसी बरत रही है।
लखनऊ से कानपुर की ओर जाने वाले वाहनों को सोहरामऊ के पास रोक कर असोहा मार्ग से निकाला जाएगा। शहर के दही चौकी तिराहे पर भी रूट डायवर्ट कर पुरवा से अचलगंज भेजा जाएगा। जाजमऊ गंगा पुल से कानपुर जाने वाले वाहनों को गंगा पुल के पहले रोक दिया जाएगा। शुक्लागंज नए व पुराने पुल से वाहन कानपुर नहीं जा सकेंगे। मैच के दौरान गंगा बैराज से भी वाहन कानपुर नहीं जा सकेंगे।
कानपुर में आईपीएल मैच को लेकर अलर्ट
पिछले दिनों जिले से आतंकी कनेक्शन सामने आने के बाद प्रशासन पर्व और भीड़भाड़ वाले आयोजनों को लेकर सतर्क है। बुधवार को कानपुर में होने वाले आईपीएल मैच और बुद्ध पूर्णिमा की पूर्व संध्या पर पुलिस ने वाहन चेकिंग और रेलवे स्टेशन समेत भीड़ वाले स्थानों पर सघन चेकिंग की। पुलिस ने संदिग्धों की तलाशी भी ली। पुलिस ने रात में होटल और ढाबों का तलाशी अभियान शुरू किया है।
मालूम हो कि पिछले दिनों दूसरे जिलों और प्रदेशों में पकड़े गए आतंकियों में कई का उन्नाव से कनेक्शन सामने आने के बाद प्रशासन सतर्क है। बुधवार को कानपुर में होने वाले आईपीएल मैच और बुद्ध पूर्णिमा पर गंगा स्नान व अन्य धार्मिक आयोजनों की सुरक्षा को लेकर पुलिस ने मंगलवार शाम शहर के रेलवे स्टेशन, बस स्टेशन, सदर बाजार समेत अन्य भीड़भाड़ वाले स्थानों पर सघन चेकिंग की। रेलवे स्टेशन पर चेकिंग के दौरान मेटल डिटेक्टर और डॉग स्क्वायड की भी मदद ली गई। संदिग्धों के बैग व अन्य सामान की भी तलाशी ली गई।