लखनऊ-आगरा एक्सप्रेस-वे पर आसीवन कस्बे के पास लोडर अनियंत्रित होकर पलट गई। इसमें एक किसान की मौत हो गई, जबकि सात किसान घायल हो गए। किसान खरबूजा लेकर लखनऊ मंडी जा रहा था।
फतेहपुर चौरासी थानाक्षेत्र के गांव चौगवां व अहिरनपुरवा के उन्नतिशील किसान तरबूज व खरबूजा की अच्छी कीमत पाने के लिए लोडर में लादकर आगरा एक्सप्रेस-वे से लखनऊ मंडी ले जा रहे थे। रविवार रात आसीवन थानाक्षेत्र के पास पहुंचे थे तभी पिकप अनियंत्रित होकर पलट गई। जिसमें पिकप में सवार चौगवां गांव निवासी नरेश (25) पुत्र श्रीराम की घटनास्थल पर मौत हो गई।
जबकि अन्य घायलों में चौगवां गांव निवासी सुंदर (22), विपिन (28) पुत्र प्रेमनारायण, गिरधारी (27) पुत्र बाबूलाल, सुनील (24) पुत्र नन्हेलाल, रामलखन (27) पुत्र रामनाथ, अमित (28) पुत्र रामकुमार व हिरनपुरवा निवासी पप्पू (26) पुत्र टेकचंद, रहिमाबाद निवासी डीसीएम चालक गुड्डू पुत्र नहक्के गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को सीएचसी में भर्ती कराया गया। यहां हालत गंभीर देख घायलों को जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया है।
लखनऊ-कानपुर हाईवे पर सदर कोतवाली के दही चौकी के पास लखनऊ से कानपुर की ओर जा रही तेज रफ्तार वैन सड़क पर खड़े ट्रक में पीछे से घुस गई। हादसे में वैन चालक गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डाक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।
मृतक की जेब में मिले आधार कार्ड से उसकी पहचान हुई। वह फिरोजाबाद जिले के टुंडला शिवनगर निवासी सनोज (20) पुत्र गिरजा प्रसाद था। दरोगा हरीलाल यादव ने बताया संबंधित थाने में बात कर परिजनों तक घटना की सूचना दी गई है। दरोगा हरीलाल ने बताया वैन में कुछ और लोग भी थे जिन्हें चोट नहीं आई। वह लखनऊ से कानपुर जा रहा था। घटना के बाद ट्रक चालक मौके से भाग निकला।
अचलगंज थानाक्षेत्र के कोरारी के पास एक कोल्ड स्टोर के समीप खस्ताहाल सड़क के गड्ढे में बाइक का अगला पहिया चला गया। इससे पीछे बैठी वृद्धा बाइक से नीचे गिर गई। इससे उसकी हालत गंभीर हो गई। उसे जिला अस्पताल लाया गया। जहां डाक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
बीघापुर थानाक्षेत्र के सातन गांव निवासी अख्तरी (70) पत्नी मो. हाफिज को श्वास की बीमारी थी। उसी की दवा लेने वह बेटे इरफान के साथ बाइक से निकली थी। दवा लेने के बाद घर जा रही थी। कोरारी के पास पड़ने वाले एक कोल्ड स्टोर के समीप बाइक का अगला पहिया गड्ढे में चला गया। इससे पीछे बैठी अख्तरी उछलकर बाइक से नीचे आ गिरी और उनकी मौत हो गई।