उन्नाव। परिषदीय स्कूलों के कक्षा चार और पांच के छात्रों की हुई विद्याज्ञान की प्रांरभिक परीक्षा का रिजल्ट घोषित हो गया। परीक्षा में जिले में 96 का चयन हुआ है।
इसमें 29 छात्र और 67 छात्राएं शामिल हैं। एक और परीक्षा में सफल होने वाले छात्रों को सीतापुर और बुलंदशहर के स्कूलों में प्रवेश मिलेगा। रहने, खाने और इंटरमीडिएट तक पढ़ाई की सुविधा मुफ्त होगी।
जिले में एक दिसंबर को विद्या ज्ञान परीक्षा आयोजित हुई थी। परीक्षा में छात्र शामिल हुए थे। शिवनादर फाउंडेशन की ओर से कराई गई इस परीक्षा का गुरुवार को परिणाम आया। सफल छात्रों के अभिभावकों और शिक्षकों में खुशी का ठिकाना नहीं रहा। शिक्षकों ने छात्र-छात्राओं का स्वागत किया। सफीपुर के रायपुर मुड़हा प्राथमिक विद्यालय में छात्रा राखी का चयन होने पर प्रधान शिक्षक संजीव संखवार व अन्य शिक्षकों छात्रा का हौसला बढ़ाया।
इसी तरह औरास के सीमऊ प्राथमिक स्कूल से वैष्णवी, जब्बरखेड़ा से सोनाली, पूरा चांद से आराधना सहित औरास द्वितीय और गागन से एक-एक छात्र का चयन हुआ है। बांगरमऊ के आसत मोहीउद्दीनपुर गांव में कक्षा पांच के छात्र जहीद के सफल होने पर प्रधान शिक्षिका कंचन प्रभा ने सम्मानित किया। बिछिया ब्लॉक के नौ छात्र-छात्राओं का चयन हुआ।
बीएसए संगीता सिंह ने बताया कि छात्रों की यह प्रारंभिक परीक्षा का परिणाम है। अभी एक परीक्षा शिवनादर फाउंडेशन अपने स्तर से लखनऊ में कराएगा। उसमें चयनित छात्रों को सीतापुर और बुलंदशहर में बने फाउंडेशन के स्कूलों में प्रवेश मिलेगा। छात्रों की इंटरमीडिएट तक की पढ़ाई से लेकर रहना, खाना और किताबें मुफ्त होंगी।